- सात लाख की थी लूट, दो गिरफ्तार
- आठ फरवरी को दिन दहाड़े खीरी क्षेत्र में हुई थी लूट
- लखीमपुर और सीतापुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
खीरी थाना क्षेत्र में कीरतपुर गांव के पास आठ फरवरी 2016 को अमृतागंज बैंक शाखा में कैश लेकर जा रहे कर्मचारियों से हुई सात लाख रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है, जिसमें दो अभियुक्तों को सीतापुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाशों के पास से एक लाख रुपये और असलहे बरामद हुए हैं। इसके अलावा महोली क्षेत्र में हुई लूट का खुलासा हुआ है, जिसमें लूटे गए जेवरात भी बरामद हुए हैं। घटना को अंजाम देने में पांच बदमाश शामिल थे, जिसमें तीन लखीमपुर और दो अभियुक्त सीतापुर जिले के हैं।
बता दें कि शहर के कचहरी रोड स्थित इलाहाबाद बैंक की करेंसी चेस्ट से सात लाख रुपये कैश लेकर आठ फरवरी 2016 को इलाहाबाद बैंक अमृतागंज शाखा की महिला मैनेजर मंदाकिनी गुप्ता और कैशियर संजीत कुमार वर्मा आईटेन कार से जा रहे थे। रास्ते में अमृतागंज से पांच किमी पहले कीरतपुर गांव के पास करीब 10:40 बजे दो बाइकों से आए पांच बदमाशों ने कार को ओवरटेक कर रोक लिया। कार को बैैंक मैनेजर मंदाकिनी गुप्ता चला रही थीं। इसके बाद बदमाशों ने कार के दाहिने साइड के दोनों शीशे तमंचे की बट से तोड़कर धमकाते हुए रुपये से भरा बैग लूट लिया था। इसके बाद बदमाश बहराइच हाइवे पर फरार हो गए थे। इस मामले की जांच खीरी एसओ एसके सिंह और क्राइम ब्रांच को सौंपी गई थी, लेकिन काफी समय बीत जाने के बावजूद खीरी पुलिस को सफलता नहीं मिल सकी। उधर, सीतापुर के महोली क्षेत्र में हुई लूट मामले की जांच महोली पुलिस और क्राइम ब्रांच कर रही थी। शनिवार की रात को खीरी थाना और महोली कोतवाली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ढकिया चौराहे के पास से दो लोगों को संदेह के आधार पर गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान प्रदीप उर्फ पिंकू तिवारी निवासी शिवकालोनी और तौकीर उर्फ भाईजान निवासी रायपुर थाना नीमगांव के तौर पर हुई है। दोनों के पास से 50-50 हजार रुपये, सुपर स्पलेंडर, चोरी की बाइक सीडी डीलक्स और चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया है कि वारदात को अंजाम देने में मैलानी थाना के गांव गंगापुर निवासी अमित राठौर, महोली के गांव चतुरैया निवासी रवि उर्फ गुड्डन शुक्ला और मिश्रिख थाना के गांव भिठौली निवासी श्रीकांत यादव उर्फ धाकड़ शामिल थे। एसओ खीरी एसके सिंह ने बताया कि लूटकांड में शामिल एक अभियुक्त अमित राठौर किसी मामले में जेल जा चुका है। जबकि दो अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश में पुलिस जुटी है।