निघासन-पलिया रोड पर पिरथीपुरवा गांव के पास मैजिक की टक्कर लगने से पांच साल के एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। उसके साथ आ रही उसकी 65 वर्षीया दादी को भी चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद चालक मैजिक लेकर फरार हो गया। बाद में वह मैजिक को बम्हनपुर में खड़ी करके भाग गया। ग्रामीण मैजिक को खींचकर घटनास्थल पर लाए और उसके शीशे आदि तोड़कर रोड पर जाम लगाया।
निघासन कोतवाली क्षेत्र के लोधपुरवा गांव का नियामत कुछ दिनों से पिरथीपुरवा गांव के पास सड़क किनारे रह रहा है। रविवार को अपराह्न करीब तीन बजे नियामत का पांच वर्षीय पुत्र ईशान अपनी 65 वर्षीय दादी महवरी के साथ सड़क के दूसरी तरफ इस्लाम के घर से वापस अपने घर आ रहा था। इसी बीच पलिया की तरफ से एक टाटा मैजिक और सामने से निघासन की तरफ से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली आ रही थी। क्रास करते समय चालक ने मैजिक सड़क के नीचे उतार दी।
इससे सड़क के किनारे चल रही महवरी मैजिक से टकराकर गिर गई। उसके सिर में चोट आई जबकि उसके साथ चल रहा ईशान मैजिक के आगे गिर गया और उसका सिर मैजिक के पहिए के नीचे आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मैजिक चालक यह देखकर वहां से भाग खड़ा हुआ। उसने बम्हनपुर लाकर मैजिक खड़ी की और फरार हो गया।
पीछे से पहुंचे गांववाले मैजिक को घटनास्थल पर खींच लाए। ग्रामीणाें ने मैजिक के शीशे आदि तोड़ दिए और रोड जाम कर दिया। मौके पर एसओ रामकुमार यादव, एसआई वीरसिंह और सुरेश मौर्य पहुंचे। काफी समझाने और कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद लोगों ने डेढ़ घंटे बाद जाम खोला। इस बीच रोड पर दोनाें तरफ गाड़ियाें की लाइन लगी रही। ईशान की दादी को इलाज के लिए सीएचसी निघासन ले जाया गया। नियामत की तरफ से कोतवाली में तहरीर दी गई है।