मोहम्मदी-शाहजहांपुर रोड पर ग्राम गोकन के निकट दुर्घटनाएं
बाइक पर बैठे थे पांच लोग, चालक ने नहीं लगाया था हेलमेट
कोतवाली क्षेत्र के तहत मोहम्मदी-शाहजहांपुर रोड पर ग्राम गोकन के निकट दो अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग जख्मी हो गए। मरने वालों में दो बच्चेे भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार थाना मोहम्मदी के गांव बग्घून निवासी रघुवीर (50) धान बेचकर ट्रैक्टर ट्रॉली से शाहजहांपुर से वापस घर आ रहा था, तभी गोकन के पास बाइक पर सवार पांच लोग सामने आ गए। चालक ने हेलमेट भी नहीं लगाया था। बाइक सवारों को बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर ट्रॉली पलट कर खाई में गिर गई, जिससे ट्रैक्टर चालक रघुवीर की दबकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार मनुसा देवी की गोद में बैठा एक वर्षीय पुत्र आयुष उछलकर दूर जा गिरा, जिससे उसकी भी मौत हो गई। बाइक पर सवार मनुसा देवी तथा एक अन्य महिला सुनीता जख्मी हो र्गइं, जिन्हें अस्पताल रेफर किया गया है। बाइक चला रहे विनीत (18) तथा बाइक पर आगे बैठे सुनीता का 8 वर्षीय पुत्र अनिल राज भी जख्मी हो गया, जिनका इलाज सीएचसी मोहम्मदी में कराया जा रहा है। दोनों महिलाओं मनुसा और सुनीता को जिला अस्पताल रेफर किया गया है, बाइक चला रहे विनीत मृतक आयुष का चाचा है। घटना की सूचना पर मोहम्मदी के पूर्व पालिका अध्यक्ष संदीप मेहरोत्रा तथा अंकुर यादव क्रेन लेकर मौके पर पहुंचे तथा ट्रैक्टर के नीचे दबे रघुवीर को निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
एक अन्य घटना में ग्राम बरैंचा के निकट छतुरी निवासी रिजवान की बाइक की टक्कर से फारिया (8) की मौके पर ही मौत हो गई। परिवारवालों ने बताया कि ग्राम जाजूपुर थाना पिहानी के असलम की पुत्री फारिया अपनी रिश्तेदारी में आई थी और अमीरनगर ताजिया मेला देखने के लिए शाहजहांपुर रोड पर ग्राम बरैंचा के निकट किसी सवारी का इंतजार कर रही थी तभी यह हादसा हो गया। पुलिस ने बताया की दोनों पक्षों में आपसी सुलह समझौता हो गया है।
भतीजे की दवाई लेने जा रहा था विनीत
थाना पसगवां के गांव मरदापुर निवासी घायल विनीत ने रो-रोकर बताया कि वह अपने भतीजे एक वर्षीय आयुष की दवा लेने जा रहा था। आयुष अपनी मां मनुसा देवी की गोद में था, जबकि आगे एक और बच्चा बैठा था, जबकि मनुसा देवी के साथ रिश्तेदार सुनीता देवी भी बैठी थीं। विनीत ने हेलमेट भी नहीं लगा रखा था। अचानक ट्रैक्टर ट्रॉली आने और बाइक पर पांच लोगों के सवार होने के कारण विनीत संतुलन खो बैठा और ट्रैक्टर से जा टकराया।
सड़क दुर्घटनाओं में छह लोग घायल
गोला गोकर्णनाथ। अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसे में छह लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें अस्पताल भर्ती कराया गया है।
हैदराबाद थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत लंदनपुर ग्रंट के गांव उदयपुर निवासी बालकराम (62) दोपहर को साइकिल से गोला आ रहे थे। कंजा बरमबाबा स्थान के सामने पीछे से आ रही एक अनुबंधित रोडवेज बस ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी भेजवाकर परिवार वालों को खबर दी और बस को कब्जे में ले लिया है।
अलीगंज रोड पर डॉ. हरिओम सेठी क्लीनिक के सामने रिक्शा चालक द्वारिकागंज निवासी श्रीपाल का रिक्शा सड़क की मुुंडेर पर चढ़ कर पलट गया, जिससे रिक्शा चालक श्रीपाल और रिक्शे पर बैठा कुम्हारन टोला निवासी सुरेश मिश्र घायल हो गया। राहगीरों ने फोन कर 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को सीएचसी भेजा है।
अलीगंज। रसूलपनाह के पास नहर पटरी पर मुकारिमपुर निवासी बाइक सवार सुरेंद्र कुमार और खोजियापुर निवासी बाइक सवार अख्तर अली की बाइक आमने-सामने टकरा गई, जिसमें दोनों गंभीर घायल हो गए हैं। गंभीरावस्था में दोनों को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है।
थाना मितौली क्षेत्र के गांव ईश्वरी का 18 वर्षीय पुत्र छंगा अपने बहनोई झबरा गांव निवासी श्यामू के साथ बाइक से जलालपुर रिश्तेदारी में गया था। घर वापस आते समय उसकी बाइक भुड़कुला गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई, जिससे गिरकर दोनों गंभीर घायल हो गए। जिन्हें मितौली सीएचसी भर्ती कराया गया है।