तीन दिन से फरार एक लड़की के घरवालों ने सोमवार को शक में बाइक सवार युवक को दबोच लिया। उसकी सरेराह पिटाई की। बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी गई। मामला सोमवार दोपहर का है। नगर के मोहल्ला गद्दीटोला निवासी हंसराज (40) बाइक से कादरचौक रोड की ओर निकला। गांव खिरिया के पास चार लोगों ने उसे घेर लिया। उसकी जमकर पिटाई की। किसी तरह छूट कर वह बाइक लेकर भागा तो मोहल्ले में उसे फिर दबोच लिया गया। आरोपियों ने उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी। पिटाई से हंसराज लहूलुहान हो गया। घायल हंसराज ने बताया कि एक लड़की तीन दिन से लापता है। लड़की के घरवालों को उसके परिजन पर शक है। शक में उसे घेर कर पीट दिया गया। हंसराज की मानें तो हमलावरों ने उसकी जेब से नकदी भी निकाल ली। पुलिस ने हंसराज का मेडिकल कराया है। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।