चोरों ने बुधवार की रात शहर के अलग-अलग मोहल्लों में बंद पड़े मकान का ताला और मोबाइल की दुकान का शटर तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों जगहों का मौका-मुआयना किया लेकिन अभी तक रिपोर्ट नहीं दर्ज की है।
शहर के निघासन रोड पर प्रकाश घोष की मोबाइल की दुकान है। बताते हैं रात में चोरों ने बल्ली लगाकर शटर तोड़ दिया। दुकानदार के मुताबिक चोरों ने दुकान से नए-पुराने करीब 25 मोबाइल, रीचार्ज कूपन, प्रिंटर समेत करीब 60 हजार रुपये का माल साफ कर दिया और फरार हो गए। बताते हैं चोरों ने दिवाली पर भी प्रकाश की दुकान की पीछे वाली दीवार गिराकर चोरी की कोशिश की थी। सूचना मिलने पर मिश्राना चौकी इंचार्ज हंसवती ने मौका-मुआयना किया। वहीं चोरों ने पंजाबी कॉलोनी निवासी खमरिया चीनी मिल के पूर्व गोदाम इंचार्ज रामकुमार अग्निहोत्री के बंद पड़े मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और अंदर दाखिल होकर तमाम सामान चोरी कर लिया। पड़ोसियों की सूचना पर संकटा देवी चौकी इंचार्ज सुनील सिंह ने मौका-मुआयना किया। पड़ोसियों ने रामकुमार को घटना की सूचना दी है। पुलिस का कहना है कि उनके आने के बाद ही चोरी गए सामान की जानकारी हो सकेगी।
दरवाजा तोड़कर हजारों की चोरी
अजान। हैदराबाद थाना क्षेत्र के गांव दतेली में बीती रात चोरों ने घर का दरवाजा तोड़कर हजारों की चोरी कर ली।
गांव दतेली निवासी अरशद अली अंसारी ने बताया कि वह रात को घर के अंदर छप्पर के नीचे सो रहे थे। बीती रात चोर पीछे से घर के अंदर घुस आए और सोने की अंगूठी, सोने का बुंदा, चार जोड़ी 350 ग्राम चांदी की पायल, झुमका, तांबे की डेक, पतीला आदि बर्तनों सहित छह हजार रुपये, कपड़े का बक्सा आदि चुरा ले गए। मालूम हो कि अरशद के भाई जावेेद की दो माह बाद शादी है। सुबह दरवाजा टूटा देखकर आस-पड़ोस तलाश किया तो मकान के पीछे दो टूटे बक्से, कपड़े और दक्षिण में बोरिंग के पास चावल की बोरी मिली है।