पुलिस ने चार युवकों को पकड़कर उनके पास से छह बाइक बरामद की हैं। इधर पुलिस के दावे की धज्जियां तब उड़ती दिखीं जब एक आरोपी की मां ने एक बाइक की आरसी दिखाते हुए कहा की यह बाइक उसके बेटे की ही है। फिलहाल पुलिस इस बारे में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार की देररात उसने दुधवा तिराहे के पास से दो बाइकों पर सवार चार लोगों को पकड़ा तो वह जांच में वाहन चोर निकले, उनकी निशानदेही पर चोरी की गईं चार और बाइक बरामद कीं। पुलिस ने इसमें अमरजीत सिंह निवासी घोला फार्म, युनुस निवासी मोहल्ला महमूदनगर, रफीक गुड्डू निवासी पटिहन, शाहिद निवासी चंदनचौकी को आरोपी बनाते हुए जेल भेज दिया।
शनिवार को घोला फार्म निवासी आरोपी अमरजीत सिंह की मां रणजीत कौर थाने आईं उन्होंने आरोप लगाया कि जो बाइक चोरी की बता कर पुलिस लाई है वह उनके पुत्र ने करीब आठ महीने पहले ही लखीमपुर से खरीदी थी। उन्होंने उसकी आरसी भी दिखाई। उनका आरोप था कि पुलिस ने बाइक के नंबर आदि रगड़ कर मिटा डाले हैं।