शहर से सटे गांव सलेमपुर कोन के मजरा गोविंदनगर गांव के एक घर में संदिग्ध हालात में विवाहिता का शव फांसी पर लटकता मिला। सूचना पाकर मायके पक्ष से लोग मौके पर पहुंचे, तो मृतका का पति और परिवार के अन्य सदस्य नदारद मिले। वहीं कमरे के दरवाजे पर महिला का शव जमीन पर टिका मिला, जिससे मृतका के पिता ने ससुराली जनों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।
गोविंदनगर निवासी अजय कश्यप की शादी करीब 10 वर्ष पूर्व फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के गांव ग्रंट नंबर 12 निवासी महेश कुमार कश्यप की पुत्री पिंकी कश्यप (28) के साथ हुई थी। अजय कश्यप चाट का ठेला लगाता है और उसके तीन बच्चे हैं। जबकि उसके पिता पतिराखन परिवार समेत सामने ही अलग मकान में रहते हैं। अजय ने हाल में ही एक कमरे का घर बनाया था, जिसमें वह पत्नी पिंकी और तीन बच्चों के साथ रहता था। गुरुवार की सुबह करीब 10 बजे अजय ने अपनी ससुराल में फोन कर पिंकी के फांसी लगाने की सूचना दी।
इसके बाद मायके वाले घर पहुंचे, तो वहां पिंकी का शव दुपट्टे के सहारे बरामदे में लटकता मिला। मृतका के शरीर पर जाहिरा तौर पर चोटों के निशान नहीं हैं, लेकिन उसके पैर जमीन पर मुड़े थे। जानकारी पर मृतका के घरवाले जब पहुंचे तो मृतका का पति अजय और उसके तीनों बच्चे मौके पर नहीं मिले। मृतका के पिता महेश कुमार और मां रामदेवी ने हत्या कर शव फांसी पर लटकाने का आशंका जताई है। उन्होंने आरोपी दामाद अजय कश्यप समेत अन्य ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाते हुए सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्रभारी निरीक्षक, सदर कोतवाली दुर्गेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि शव
की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। पोस्टमार्टम
रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई
की जाएगी। इसके अलावा अन्य कारणों की पड़ताल की जाएगी।
शराब पीकर पीटता था
मृतका की मां रामदेवी ने आरोप लगाया है कि उसका दामाद अजय शराब पीने का आदी है। इसके चलते आए दिन उसकी बेटी पिंकी के साथ मारपीट करता था। रामदेवी ने कहा कि अजय उसकी पुत्री पर घरों में नौकरी करने के लिए भी दबाव बना रहा था, जबकि वह नौकरी नहीं करना चाहती थी।