गार्ड और पांच-छह अज्ञात के खिलाफ लिखी रिपोर्ट
भारतीय स्टेट बैंक मुख्य शाखा में पासबुक प्रिंट कराने गए मोहल्ला मौर्या कॉलोनी निवासी अंकित वाजपेयी की सुरक्षा गार्ड ने अपने पांच-छह अज्ञात साथियों के साथ मिलकर पिटाई कर दी। आरोप है कि गार्ड ने बंदूक का बट सिर पर मारकर उसे घायल कर दिया। पुलिस ने घायल की ओर से आरोपी गार्ड और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ बलवा सहित अन्य कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मोहल्ला मौर्या कॉलोनी निवासी अंकित वाजपेयी ने बताया कि वह अपनी पासबुक पर रकम प्रिंट कराने अस्पताल रोड पर स्थित भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा गया था। बैंक में लगी मशीन से प्रिंट न होने पर वह काउंटर पर पहुंचा, जहां बैंक का गार्ड उमेश कुमार सिंह खड़ा था। उसने गार्ड से पासबुक प्रिंट कराने को लेकर जब जानकारी चाही तो वह बिगड़ गया। इसका विरोध करने पर जब उसने अफसरों से शिकायत करने की बात कही तो आरोपी गार्ड गाली-गलौज करने लगा। इतने में ही गार्ड के पांच-छह अन्य साथी आ गए। साथियों के आने पर गार्ड ने उसकी पिटाई करनी शुरू कर दी। आरोप है कि सिर पर बंदूक की बट मार दी, जिससे वह लहूलुहान हो गया। घटना से बैंक में अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद लोगों ने उसे किसी तरह से बचाया। सदर कोतवाल दीपक शुक्ल ने बताया कि घायल की तहरीर पर आरोपी गार्ड उमेश कुमार सिंह और उसके पांच छह अज्ञात साथियों के खिलाफ बलवा, मारपीट समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी गार्ड की तलाश की जा रही है।