- 21 मई को गोकुल एक्सप्रेस में शिक्षिका से छीना गया था
- बहराइच के नई बाजार बाबागंज से किया बरामद
जीआरपी पुलिस ने गोकुल एक्सप्रेस में शिक्षिका से छीना गया मोबाइल फोन बहराइच जिले के रूपैडिया थाना निवासी एक युवक के पास से बरामद करने का दावा किया है। जीआरपी ने पकड़े गए युवक को शुक्रवार को जेल भेज दिया।
जीआरपी थाना प्रभारी विजय बहादुर वर्मा ने बताया कि गोला कोतवाली के मोहल्ला पश्चिमी दीक्षिताना निवासी प्रियंका वर्मा पुत्री शिव कुमार वर्मा, जो बहराइच के प्राथमिक विद्यालय निश्चलडीह में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात हैं। वह अपने घर आने के लिए 21 मई को बहराइच से गोकुल एक्सप्रेस में सवार हुई थीं। ट्रेन के बेलरायां स्टेशन पर पहुंचते ही एक युवक उनका बैग छीनकर चलती ट्रेन से कूदकर भाग गया था। शिक्षिका की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा लिख गया था। जीआरपी एसओ ने बताया कि मोबाइल सर्विलांस पर लगा हुआ था, लेकिन काफी दिनों तक मोबाइल बंद रखने के कारण इसकी लोकेशन नहीं मिल सकी थी। फोन ऑन होने पर मिली लोकेशन को जब ट्रेस किया गया, तो वह बहराइच के रूपैडिया की मिली। मोबाइल की लोकेशन के आधार पर रूपैडिया कोतवाली के नई बाजार बाबागंज निवासी मोहम्मद यूनुस पुत्र मोहम्मद यार के पास से बरामद हुुआ है। जीआरपी एसओ ने पकड़े गए युवक को चोरी के आरोप में जेल भेजा है।