खीरी थाना क्षेत्र के सीरपुरवा गांव में जमीन की रंजिश के चलते दो व्यक्तियों ने एक परिवार पर बांके से जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें 12 वर्षीय बालिका और उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। लहूलुहान हालत में पीड़ित थाने में पहुंचे, जहां पुलिस ने एनसीआर दर्ज कर घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया है।
थाना क्षेत्र के सीरपुरवा गांव में वेदनाम की कुछ जमीन है, जिसका मुकदमा भी वह गांव के रामनरेश से जीत चुका था। वेदनाम ने बताया कि आए-दिन आरोपी शराब पीकर झगड़ते रहते थेे। आरोप है कि जमीन की रंजिश को लेकर शनिवार की सुबह रामनरेश तथा उसका पुत्र राकेश शराब के नशे में आया और गाली गलौज करने लगा। वेदनाम के मना करने पर दोनो आरोपियों ने वेदनाम, उसकी पत्नी प्रेमा देवी से मारपीट शुरू कर दी, जिसे देखकर उसकी 12 वर्षीय पुत्री फूलदुलारी छुड़ाने आई तो नशे में धुत आरोपियों ने बांके से उस पर प्रहार कर दिया, जिससे उसके माथे पर गहरा घाव हो गया। मारपीट में उसके माता-पिता के सिर पर गहरी चोट आई है। पीड़ित पिता की तहरीर पर एनसीआर दर्ज करने के बाद पुलिस ने तीनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा है।
एसओ महेंद्र पाल सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। आरोपियों के खिलाफ एनसीआर दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर धाराएं बढ़ाकर मुुकदमा तरमीम किया जाएगा।