सीतापुर रोड पर स्थित पॉल इंटरनेशनल स्कूल के गार्ड को ड्यूटी पर जाते समय रविवार रात में उसी के सगे दो भतीजों ने डंडा मारकर दोनाली बंदूक लूट ली और फरार हो गए। पुलिस ने गार्ड की तहरीर पर लूट का मुकदमा दर्ज कर घटना में नामजद दोनों भाइयों का हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। हालांकि अभी बंदूक बरामद नहीं हो पाई है।
पुलिस के मुताबिक शहर के मोहल्ला शिवकॉलोनी निवासी रमाकांत शुक्ला ने बताया कि वह रविवार रात में पॉल इंटरनेशनल स्कूल में साइकिल से दोनाली बंदूक लेकर ड्यूटी करने जा रहा था। तभी पेट्रोल पंप के पास बाइक सवार दो युवकों ने उसे घेर लिया और डंडे से प्रहार कर दिया और बंदूक लूटकर फरार हो गए। रमाकांत ने तहरीर देकर नीमगांव क्षेत्र के गांव अमघट निवासी अपने दो सगे भतीजों जगदंबा प्रसाद और उसके छोटे भाई सुनीत पर बंदूक लूटने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने इस मामले में रमाकांत की तहरीर पर सोमवार रात में ही मुकदमा दर्ज कर जगदंबा और सुनीत को हिरासत में ले लिया। वहीं शहर कोतवाल शिवशंभू किशोर जायसवाल ने बताया कि दोनों भाइयों से अभी पूछताछ की जा रही है। जल्द ही बंदूक की बरामदगी की जाएगी।