कोतवाली क्षेत्र के गांव बेहटी अफगान में एक अधेड़ का शव क्षत विक्षत अवस्था में मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है।
पुलिस के अनुसार शव की पहचान जिला शाहजहांपुर के थाना पुवायां के गांव करनापुर के इद्दा अली 50 के रूप में हुई है। मृतक के भतीजे हाकिम अली ने पुवायां कोतवाली में सात जुलाई को अपने चाचा इद्दा अली की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवार के लोग उनका पता लगा रहे थे, तभी उन्हें 12 जुलाई मंगलवार को मोहम्मदी कोतवाली क्षेत्र के गांव बेहटी अफगान के एक गन्ने के खेत में लाश मिलने की सूचना मिली, मौके पर पहुंचे परिवार के लोगों ने उन्हें पहचाना। शव का एक हाथ तथा एक पैर कटा हुआ था। मृतक के भतीजे हाकिम अली ने बताया कि मृतक इद्दा अली के चचेरे भाई की बेहटी अफगान में ससुराल है, वह यहां अक्सर रिश्तेदारी में आते जाते थे। भतीजे ने उनकी हत्या की आशंका जताई है। बहरहाल पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।