बारात में द्वाराचार के दौरान खुशी में की गई फायरिंग में एक युवक की गर्दन में गोली लग गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में युवक को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखकर उसे लखनऊ रेफर कर दिया।
कस्बे के बालूडीह गांव निवासी उमाशंकर की बेटी की शुक्रवार को शादी थी। वर और वधू पक्ष के लोग शादी में व्यस्त थे। इस बीच द्वाराचार के समय किसी ने फायरिंग कर दी। इससे बारात में शामिल फरधान थाना क्षेत्र के गांव पड़रिया निवासी जमील अहमद के 22 वर्षीय पुत्र जफील अहमद के गले में गोली लग गई। गोली लगते ही युवक बेहोश होकर गिर पड़ा। इससे वहां अफरातफरी मच गई। परिवारवाले आनन फनन में युवक को अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखकर उसे लखनऊ रेफर कर दिया। चौकी प्रभारी भीम सेन ने ऐसी किसी घटना की जानकारी से इनकार किया है।