मोहम्मदी थाना क्षेत्र में अमीरनगर-लखीमपुर मार्ग पर तेजवीर पेट्रोल पंप के पास ओवरटेक करने के चक्कर में कोयला लदे ट्रक ने खोई लादकर जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली खाई में पलट गई। ट्रैक्टर चालक समेत दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो मजदूर घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। सीओ मोहम्मदी हरेंद्र यादव ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। कुंभी चीनी मिल की क्रेन की मदद से शवों और घायलों को बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया है, जबकि चालक फरार हो गया है।
सदर कोतवाली के गांव राजापुर निवासी ट्रैक्टर चालक 32 वर्षीय दीपू शनिवार की शाम मोहम्मदी क्षेत्र के गांव भंगेली से गन्ने की खोई लेकर लखीमपुर लौट रहा था। साथ में 24 वर्षीय अर्जुन, करन और रामविलास ट्रैक्टर पर बैठे थे। अमीरनगर कस्बे के पास तेजवीर पेट्रोल पंप के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने ट्रैक्टर ट्रॉली को ओवरटेक किया, जिसमें ट्रक और ट्रॉली भिड़ गई। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली खाई में पलट गया। वहीं ट्रक को छोड़कर उसका चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर चौकी और कोतवाली से पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा। कुंभी मिल की क्रेन की मदद से ट्राली के नीचे दबे शवों को बाहर निकाला गया, जिनकी पहचान अर्जुन और ट्रैक्टर चालक दीपू के तौर पर हुई है। घायल करन और रामविलास को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही हैै। चौकी इंचार्ज फूलचंद ने बताया कि अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।