पूर्व प्रधान पुत्र को जान से मारने के प्रयास का मामला
छेदुई पतिया के पूर्व प्रधान सगीर अहमद के पुत्र इकराम को मारने आए सात लोगों के खिलाफ पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित अन्य कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने ग्रामीणों के शुक्रवार को पकड़कर पुलिस को सौंपे गए आरोपी को गिरफ्तार कर चालान भेजा है।
गांव छेदुई पतिया निवासी पूर्व प्रधान सगीर अहमद की दो साल पहले उसके रिश्तेदारों ने मिलकर हत्या कर दी थी। उसी की रंजिश के चलते गुरुवार की रात करीब 11 बजे पिकअप और बाइक से एक दर्जन से अधिक लोग आए और घर के पीछे से ड्रम के सहारे चढ़ने का प्रयास किया। आहट सुनकर उनका छोटा पुत्र इकराम छत पर चढ़ा तो छत के नीचे कुछ लोग दिखाई पड़े। उसके शोर मचाने पर नीचे खड़े लोगों ने तमंचे से फायर कर दिया। फायरिंग की आवाज सुनकर ग्रामीण जाग गए और मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख हमलावर हवा में तमंचा लहराते हुए भागने लगे। ग्रामीणों ने पिकअप लेकर भाग रहे गंगाबेहड़ निवासी अयूब को दबोच लिया। बाद में उसे पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने प्रधान पुत्र हसरत की तहरीर पर अयूब, गदियाना निवासी मजहर, अजहर, जान मोहम्मद, जहूर, रियासुद्दीन, इकरार गंगाबेहड़ के खिलाफ हत्या के प्रयास, बलवा, घर में घुसने का प्रयास करने तथा जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी अयूब का पुलिस ने चालान कर दिया है।