- पुलिस ने मामले को कराया रफा दफा
बीमार सास को देखने ससुराल जा रही एक महिला के साथ टैक्सी चालक ने छेड़छाड़ का प्रयास किया। किसी तरह से उसने भागकर अपनी जान बचाई। आरोप है कि फोन करने पर नाराज चालक ने महिला का मोबाइल भी तोड़ दिया। पुलिस ने महिला पर दबाव बनाकर दोनों पक्षों में सुलह समझौता करा दिया है।
एक गांव निवासी एक महिला धौरहरा कोतवाली के गांव स्थित अपनी बीमार सास को देखने अकेली जा रही थी। आरोप है कि एक टैक्सी चालक ने महिला तथा अन्य सवारी को गाड़ी में बैठा लिया। उसके बाद सारी सवारियां रकेहटी में उतर गईं। उस महिला को ढखेरवा तक छोड़ने के बहाने चालक गाड़ी को लेकर चला। रकेहटी गांव से पहले एक सुनसान रास्ते पर टैक्सी को मोड़ दिया। विरोध करने पर चालक ने हाथापाई भी की। जब महिला ने फोन करने की कोशिश की तो उसका फोन भी चालक ने तोड़ दिया। किसी तरह से महिला चालक से बचकर अपनी ससुराल पहुंची और अपने पति के साथ शनिवार की सुबह थाने पहुंची। थाने में पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाए महिला और आरोपी को बुलाकर सुलह समझौता करने का दबाव बनाया। करीब दो घंटे बाद दोनों पक्षों में सुलह हो गया। प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र ने बताया कि तहरीर मिली थी। बाद में दोनों पक्ष सुलह के लिए राजी हो गए थे। पुलिस ने कोई हस्तक्षेप नहीं किया है।