निकाह समारोह में शामिल होने जा रहे बाइक सवार पिता-पुत्र की मोहम्मदी-पसगवां मार्ग पर सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक की जबरदस्त टक्कर से मौत हो गई। दोनों की मौत की खबर घर पहुंची तो कोहराम मच गया।
जनपद शाहजहांपुर के थाना पुवायां अंतर्गत गांव खेरिया पाठक निवासी 50 वर्षीय वली अहमद की थाना पसगवां के गांव जमिरहा में ससुराल है। ससुराल पक्ष के नुशरुल्ला के पुत्र फिरोज के निकाह समारोह में शामिल होने के लिए वह अपने 14 वर्षीय पुत्रअफजल को लेकर बाइक से आए थे। बारात मोहम्मदी क्षेत्र के गांव खेतहारा को ओर रवाना हुई तो वली अहमद बेटे अफजल के साथ बाइक से निकले, तभी मोहम्मदी-पसगवां मार्ग पर गांव पांडेवारी के पास सामने से आ रही बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सामने वाली बाइक का चालक मौका पाकर भाग निकला। मौके पर पहुंची पुलिस ने लिखा-पढ़ी करके शव परिवार वालों को सौंप दिए। जानकारी मिलने पर वली अहमद की पत्नी उसमां भी मौके पर पहुंच गईं, पति-पुत्र की मौत से वह गहरे सदमे में हैं।