पलिया स्थित चीनी मिल में गन्ना सप्लाई कर घर जा रहा था किसान
पीके इंटर कॉलेज के पास खंभे से वैन टकराने से चालक ने दम तोड़ा
पलिया-संपूर्णानगर रोड पर अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबकर ट्रैक्टर चला रहे अंधरा फार्म निवासी किसान की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उधर, बेहजम मार्ग पर पीके इंटर कॉलेज के पास शुक्रवार की रात एक वैन अनियंत्रित होकर खंभे से टकरा गई। हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची यूपी 100 ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
संपूर्णानगर थाना क्षेत्र के अंधरा फार्म निवासी निर्मल सिंह(40) चीनी मिल में शुक्रवार रात लगभग गन्ना सप्लाई कर ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस घर जा रहा था। ब्लॉक के आगे अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। ट्रैक्टर के चारों पहिए ऊपर हो गए, जिससे किसान ट्रैक्टर के नीचे दब गया। मौके पर ही निर्मल की मौत हो गई। राहगीरों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर एसएसआई अरविंद शुक्ला, चौकी इंचार्ज जेके भदौरिया मौके पर पहुंचे और परिवार वालों को सूचना देकर शव को बाहर निकाला। हादसे की सूचना मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया। परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
उधर, परिवार वालों ने बताया कि शुक्रवार की रात करीब एक बजे शहर कोतवाली के गांव पिपरिया निवासी आकाश विश्वकर्मा (32) अपनी वैन लेकर किसी काम से शहर आए थे। बेहजम रोड पर स्थित पीके इंटर कॉलेज के पास वैन अज्ञात कारणों के चलते अनियंत्रित होेकर खंभे से टकरा गई। हादसे में वैन चला रहा आकाश विश्वकर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची यूपी 100 पुलिस उसे जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टर ने आकाश को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पर परिवार के लोग जिला अस्पताल पहुंचे। जहां उसका शव देखकर बिलख उठे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।