- एसएसबी जवान की गोली से युवक के घायल होने का मामला
- एसएसबी चौकी बसही में भी भारी सुरक्षा के बंदोबस्त
एसएसबी जवान की गोली से युवक के जख्मी होने के बाद हुए प्रदर्शन और तनाव को देखते हुए संपूर्णानगर पुलिस काफी सतर्क है। पुलिस ने कस्बा बसही से लेकर सीमा तक चौकसी बढ़ा दी है।
सीमा पर जहां एसएसबी के साथ एसओ समेत भारी पुलिस बल निगरानी करने गया, वहीं कस्बे में भी पुलिस की सुरक्षा के भारी बंदोबस्त हैं। पुलिस के जवान दिन और रात गश्त कर रहे हैं। एसओ राजेश सिंह ने बताया कि किसी प्रकार की हीला हवाली नहीं की जाएगी। झगड़े के मद्देनजर एसएसबी चौकी के पास भी पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं, एसएसबी भी सतर्क है और उसने चौकी की सुरक्षा के लिए भारी सुरक्षा व्यवस्था की है। इसमें तमाम जवान गेट पर मुस्तैद हैं।
एसएसबी जवान की इंसास रायफल पुलिस ने ली कब्जे में
एसओ बोले जल्द की जाएगी जवानों की गिरफ्तारी
पुलिस ने शनिवार को भारत नेपाल सीमा से सटे संपूर्णानगर थाना क्षेत्र के गांव बसही में एसएसबी और ग्रामीण विवाद और गोलीकांड में एसएसबी जवान की इंसास रायफल को अपने कब्जे में ले लिया है। एसओ ने कहा है कि जल्द ही आरोपी जवानों की गिरफ्तारी भी की जाएगी।
गौरतलब है कि शनिवार की सुबह करीब 8.30 बजे एसएसबी के दो जवानों और यहां के निवासी रामनाथ, उनके पुत्र अनूप यादव उर्फ पिंटू में विवाद हो गया था और इसमें ही एसएसबी जवान की इंसास रायफल से तीन गोलियां चलीं थीं। जिसमें एक गोली अनूप के पैर में लग गई थी। इसमें वह बुरी तरह से जख्मी हो गया था। उसे पलिया सीएचसी से जिला अस्पताल और फिर वहां से लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया था। घटना से ग्रामीणों का गुस्सा फूूट पड़ा और उन्होंने एसएसबी की बसही चौकी को घेर लिया था। उसे घेरने के बाद ग्रामीणों न प्रदर्शन और नारेबाजी की थी। आरोप है कि ग्रामीणों ने पथराव भी किया था। इधर, एसएसबी ने हवाई फायरिंग भी की थी। जानकारी होने पर पुलिस सीओ एलडी भारती, एसओ संपूर्णानगर राजेश सिंह समेत कई थानों का पुलिस बल वहां पहुंच गया। सीओ के कहने पर ग्रामीण शांत हुए और जख्मी युवक के पिता रामनाथ की तहरीर पर पुलिस ने एसएसबी के दो जवानों के खिलाफ मारपीट और जान से मारने के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया था। इधर एसएसबी के एएसआई अमृत प्रधान ने भी तहरीर दी जिस पर पुलिस ने अनूप यादव, रतन गुप्ता, मनोज यादव, रतन यादव, पप्पू खान, संतोष सिंह, सुनील गुप्ता आदि को नामजद करते हुए 50-60 अन्य के खिलाफ बलवा, मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा आदि कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने मामले में कदम बढ़ाते हुए वह इंसास रायफल अपने कब्जे में ले ली जिससे फायर हुए थे। एसओ राजेश सिंह ने बताया कि इंसास को कब्जे में ले लिया गया है और जल्द ही आरोपी दो एसएसबी जवानों की गिरफ्तारी भी की जाएगी। मामले की जांच तेज हो गई है।
एसएसबी के आईजी पहुंचे बसही गांव
एसएसबी सीमांत रानीखेत के आईजी श्याम सिंह प्रकरण की जानकारी पर बसही पहुंचे और उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद ग्रामीणों संग बैठक भी की और कहा कि एसएसबी का कार्य ग्रामीणों से लड़ाई नहीं है बल्कि सीमा की सुरक्षा है। वह प्रकरण की जांच करा रहे हैं। इसके बाद उन्होंने एसएसबी चौकी पर अधिकारियों और जवानों से भी वार्ता कर पूरा हाल जाना।
श्री सिंह ने शैलेश सिंह समेत तमाम ग्रामीणों से मुलाकात की और उनसे हालात जाने। इस दौरान उन्होंने कहा कि सीमा पर एसएसबी सीमाई ग्रामीणों से सामंजस्य बनाकर रखती है। उसका काम तस्करी, सीमा से जुड़े अन्य अपराधों को रोकना है ना कि ग्रामीणों से संघर्ष करना। कहा कि खाने पीने की वस्तुओं पर वैसे ही कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। इसके बाद वह घटना स्थल पर भी गए और मौका मुआयना किया। फिर उन्होंने बसही चौकी में एसएसबी अधिकारियों और जवानों से भी प्रकरण की जानकारी ली। इस दौरान एसएसबी के तमाम अधिकारी मौजूद रहे। बता दें कि घटना के दिन शनिवार को एसएसबी डीआईजी केपी सिंह यहां आए थे।
जख्मी युवक के पैर से बंद नहीं हो रहा खून
भारत नेपाल सीमा से सटे और संपूर्णानगर थाना क्षेत्र के गांव बसही में एसएसबी की गोली से जख्मी अनूप यादव उर्फ पिंटू की हालात अभी ठीक नहीं बताई जा रही है। बताया गया है कि उसके पैर से खून का रिसाव बंद नहीं हो रहा है। हो सकता है कि पैर का आपरेशन करना पड़े। उसका इलाज लखनऊ के ट्रामा सेंटर में चल रहा है। उसे शनिवार को पहले पलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था। जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। बताया गया है कि वहां भी हालत ठीक न देख युवक को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया था। जहां उसका इलाज जारी है। बताते हैं एसएसबी की इंसास की गोली उसके पैर को चीरती हुई निकल गई है। जिससे उसकी हड्डी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई है।
सपा पिछड़ा वर्ग जिलाध्यक्ष पहुंचे गांव, पीड़ित परिवार से मुलाकात
समाजवादी पिछड़ा वर्ग जिलाध्यक्ष एवं पलिया विधानसभा सपा उम्मीदवार के पति नरेश यादव ने बसही पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने यहां उनको ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। कहा कि कार्रवाई केे लिए पुलिस से भी वार्ता करेंगे।