- डीएम के निर्देश पर ज्वाइंट टीम ने की कार्रवाई
- न ब्रांड न ही नाम, सादे डिब्बों में हो रही पैकिंग
- पीला रंग देकर बेसन पपड़ी जैसा बनाया लुक
- एफएसडीए टीम ने कारखाने से दो नमूने भरे
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए), आपूर्ति विभाग और तहसीलदार की संयुक्त टीम ने बृहस्पतिवार को मोहल्ला शिव कॉलोनी में मैदा पपड़ी बनाने वाले कारखाने पर छापा मारा, जहां भारी मात्रा में 15 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुए। जबकि तीन कामर्शियल सिलेंडर मिले। घरेलू गैस सिलेंडर को आपूर्ति विभाग ने अपने कब्जे में लिया है। वहीं एफएसडीए टीम ने रिफाइंड पामोलिन तेल और पीले रंग की मैदा पपड़ी के नमूने भरे हैं, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। कारखाने में गंदगी मिलने पर मालिक को इंप्रूवमेंट नोटिस दिया गया है।
डीएम आकाशदीप ने शिकायत के आधार पर शिव कॉलोनी में संचालित कारखाने की जांच करने के आदेश ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सैमुअल पाल को दिए। इसके बाद एफएसडीए के अभिहित अधिकारी डॉ. अमर सिंह वर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी अभिनव सिंह और सदर तहसीलदार के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने बृहस्पतिवार को शिव कॉलोनी में कमल टंडन की मैदा पपड़ी बनाने वाले कारखाने पर छापा मारा, जहां कामगारों में हड़कंप मच गया। छानबीन करने पर कारखाने में अवैध रूप से 15 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुए, जिन्हें भट्टी पर प्रयोग किया जा रहा था। जबकि तीन कामर्शियल सिलेंडर मिले हैं। डीएसओ ने बताया है कि रिपोर्ट डीएम को भेजी गई है, जिसमें मिलने वाले निर्देशों के अनुसार एफआईआर की कार्रवाई की जाएगी। वहीं एफएसडीए टीम की छानबीन में पता चला है कि पीले रंग की मैदा पपड़ी को खुले बाजार में बिक्री किया जाता है, जिसकी पैकिंग नहीं होती। खासकर ग्रामीण इलाके में माल सप्लाई होता है। कुछ डिब्बे में पैक मैदा पपड़ी मिली है, जिस पर कोई नाम या ब्रांड प्रिंट नहीं है और न ही वस्तु के बारे में कोई जानकारी दी गई है। लिहाजा इसे मिसब्रांड का मामला मानते हुए विभागीय अधिकारी कार्रवाई कर सकते हैं। टीम ने कारखाने से दो नमूने रिफाइंड पामोलिन और मैदा पपड़ी के नमूने लिए हैं। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी एके सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी एके पाठक, जावेद अहमद आदि शामिल रहे।