-इसी परिवार के बुजुर्ग की हत्या में जमानत पर है एक हमलावर
-धारदार हथियारों से बोला धावा, आठ के खिलाफ मामला दर्ज
गांव कटहा में घर में सो रहे एक परिवार पर छह से अधिक लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते धारदार हथियारों से हमला बोल दिया जिससे पांच वर्षीय बच्ची की मौके पर मौत हो गई जबकि बुरी तरह घायल 12 वर्षीय बालिका ने अस्पताल में दम तोड़ा। हमले में घायल तीन लोग जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं। एक हमलावर इसी परिवार के बुजुर्ग की सवा साल पहले हुई हत्या का आरोपी है और अभी जमानत पर जेल से छूटा था। पुलिस ने गांव के रिश्ते के दो लोगों को नामजद कर छह अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है।
गांव कटहा निवासी दिव्यांग रामकुमार ने बताया कि बुधवार रात वह अपने बहनोई श्रीराम और छोटे भाई राहुल के साथ घर के बाहर छप्पर में लेटे थे, जबकि उसका मंझला भाई 25 वर्षीय रज्जन उर्फ राजेंद्र, उसकी 23 वर्षीय पत्नी रजनी, पांच वर्षीय पुत्री फूलकेसरी, चार वर्षीय पुत्र शोभित, उनकी दो बहनें 14 वर्षीय सुभाषिनी और 12 वर्षीय आरती घर के बाहर बरामदे में अलग-अलग चारपाइयों पर सो रही थीं। तीसरे नंबर का भाई अजय और उसकी पत्नी सुशीला कमरे में सो रहे थे। रात करीब पौने बारह बजे दीवार फांदकर हमलावर घर के अंदर घुस आए और सो रही सुभाषिनी, आरती, रज्जन, रजनी और फूलकेसरी पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ प्रहार करने लगे। चीखें सुनकर कमरे में सो रही सुशीला और अजय जाग गए। कमरे की कुंडी खोलकर वे लोग बाहर आए और हमलावरों को पकड़ने की कोशिश की। तभी एक हमलावर ने सुशीला पर हंसिए से प्रहार कर दिया। सुशीला ने हिम्मत दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।
चीखपुकार पर ग्रामीण जब मौके पर पहुंचने लगे तो हमलावर भाग निकले। हमले में फूलकेसरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुभाषिनी, आरती, रज्जन उर्फ राजेंद्र, रजनी खून से लथपथ हो गईं। मौके पर पहुंची पुलिस घायलों को सीएचसी लाई, जहां से डॉक्टर ने सभी को जिला अस्पताल भेज दिया। जिला अस्पताल में भर्ती आरती ने दोपहर में दम तोड़ दिया। घटना के बाद से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
एसपी मनोज कुमार झा, एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी, इंस्पेक्टर सदर दीपक शुक्ला के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों से घटना की जानकारी ली। घायल रज्जन उर्फ राजेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने परिवार के रिश्ते के भतीजे अवधेश, सत्यप्रकाश को नामजद कर छह अन्य अज्ञात के खिलाफ हत्या समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर डीसी मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने सत्यप्रकाश को हिरासत में लिया है। अवधेश पर रज्जन के पिता की हत्या का आरोप है। वह रामनाथ को तांत्रिक समझता था। अवधेश का आरोप था कि उसकी पत्नी चुन्नी ने कई बच्चों को जन्म दिया, लेकिन रामनाथ ने उसके ऊपर तंत्र मंत्र विद्या कर दी थी, जिससे जिसके चलते उसके बच्चे मर जाते थे। अब अवधेश समझौते का दबाव बना रहा था।
घायल रज्जन के पिता रामनाथ की अक्तूबर 2015 में हत्या कर दी गई थी। पीड़ित के मुताबिक इस घटना में उसने समझौता करने से इंकार करने पर बीती रात हमला किया गया। पैसे के लेनदेन का विवाद भी बताया जा रहा है। पुलिस अभी पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है।
- मनोज कुमार झा, एसपी