20जीएलएपी 6, 7
नामी कंपनी की ब्रेड में लगी थी फॉम
अमर उजाला ब्यूरो
गोला गोकर्णनाथ। मोहल्ला मुन्नूगंज निवासी एक परिवार के पिता-पुत्री नाश्ते में नामी कंपनी के ब्रेड खाकर बीमार हो गए, जिन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद पिता को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। जबकि पुत्री को छुट्टी दे दी। परिवार वालों ने ब्रेड में फोम लगी पाई है।
मोहल्ला मुन्नूगंज निवासी हसनरजा बरकाती और उनकी 10 वर्षीय पुत्री महक निशा बरकाती ने सुबह नाश्ते में चाय के साथ एक कंपनी के ब्रेड खाए थे। कुछ देर के बाद दोनों के पेट में ऐंठन होने लगी। हालत बिगड़ने पर दोनों को सीएचसी भर्ती कराया गया। हसन रजा बरकाती ने बताया कि सुबह पास की दुकान से उनकी बेटी ब्रेड का पैकेट लेकर आई थी। ब्रेड पर मलाई लगाकर खा रहे थे, तभी उनकी पुत्री महक निशा दौड़ती हुई आई और बताया कि ब्रेड में सोख्ता (फोम) लगा है। जब रोशनी में देखा गया, तो पैकेट के सभी ब्रेडों में फोम लगा था। कुछ देर बाद हसन रजा और उनकी पुत्री के पेट में ऐंठन होने लगी, हालत बिगड़ने पर परिवार वाले दोनों को सीएचसी लाए। डॉ. अजय कुमार वर्मा ने प्राथमिक उपचार के बाद हसनरजा को जिला अस्पताल रेफर कर दिया और महक को छुट्टी दे दी है। डॉ. अजय कुमार ने बताया कि फोम के पेट में जाने से ऐंठन, उल्टी की बीमारी हो सकती है और लैट्रीन होने में दिक्कत हो सकती है।
वर्जन
ब्रेड में फॉम निकलने का मामला संज्ञान में नहीं है। ज्यादा दिन पुरानी होने पर ब्रेड में फंगस हो सकती है। शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी।
- डॉ. अमर सिंह वर्मा, अभिहित अधिकारी, एफएसडीए