16 छात्रों के खिलाफ दर्ज हुई रिपोर्ट दर्ज
छात्रों ने बेवजह फंसाए जाने का लगाया आरोप
दुधवा नेशनल पार्क में जन्मदिन मनाना लखनऊ के 16 छात्रों को महंगा पड़ गया। पुलिस ने पार्क प्रशासन की ओर से मिली तहरीर पर 16 छात्रों के खिलाफ वन अधिनियम सहित कई अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर सभी को निजी मुचलके पर छोड़ दिया। उधर आरोपी छात्रों का कहना है कि दुधवा प्रशासन ने उन्हें बेवजह फंसाया है।
लखनऊ से दुधवा नेशनल पार्क में जन्मदिन मनाने आए छात्र रविवार रात डारमेट्री रूम के पास रुके थे। आरोप है कि छात्रों ने शराब पीकर वहां हुड़दंग किया। पार्क प्रशासन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। उधर छात्रों का कहना है कि वे लोग अपने एक साथी के जन्मदिन की पार्टी करने दुधवा आए थे। उन्होंने बताया कि अपने निजी वाहन से सभी ने दुधवा का भ्रमण किया। उसके बाद हाथी से जंगल घूमने की इच्छा जताई। पार्क कर्मचारियों ने हाथी की सवारी के लिए सुबह आने को कहा तथा रुकने की बात पूछने पर डारमेट्री में जाने को कहा। जिस पर वे रात में डारमेट्री रूम के लिए रुके हुए थे। इस दौरान वहां रुके अन्य लोगों में से किसी ने हंगामा शुरू कर दिया। जिसके बाद पुलिस आई और उन्हें घेर लिया तथा झूठा आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कर दिया। गौरीफंटा कोतवाल अजीत कुमार सिंह ने बताया कि पर्यटन रेंजर राम प्यारे ने जो तहरीर दी, उसी के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर छात्रों को निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया है।