कोतवाली क्षेत्र के जुगुनूपुर के किसान से हुई मामूली कहासुनी को लेकर दबंगों ने घर में घुसकर पूरे परिवार की पिटाई कर दी। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी पर घटना के 24 घंटे बीतने के बाद भी पुलिस नहीं पहुंची। जिससे दबंगों के हौसले बुलंद है।
कोतवाली क्षेत्र के जुगुनूपुर निवासी सुरेश कुमार शुक्ला बुधवार की रात गांव में ही गजराज की दुकान पर गुटका लेने गया था आरोप है कि पहले से बैठे गांव के ही एक व्यक्ति ने पैर मार दिया इस पर गाली गलौज हो गई जिससे बौखलाए दबंग साथियों के साथ सुरेश शुक्ला के घर में घुस गया और मारपीट करने लगा। बचाव में आयी घर की महिलाओं की भी पिटाई की। इंतेहा तब हो गई जब इन दबंगों ने दुधमुंहे बच्चे को पटक दिया, जिससे बच्चा बेहोश हो गया। जिसे स्थानीय चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया है। आरोप है कि इसके अलावा सुरेश की पत्नी मीना देवी के पैर की पायल और झमुकी छीन ली गई। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। कोतवाल विजय प्रताप यादव ने बताया कि हल्के के दरोगा को जांच के लिए भेेज दिया है, कार्रवाई होगी।