वैवाहिक समारोह में डांस करने आईं थी नर्तकियां
वैवाहिक समारोह में आईं नर्तकियों के साथ स्टेज पर चढ़कर कुछ युवकों ने छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की। इससे रंग में भंग पड़ गया। सूचना पर पहुंची महेवागंज चौकी पुलिस ने छह युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बारात मालिक की ओर से छहों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
महेवागंज चौकी प्रभारी फूलचंद ने बताया कि थाना नीमगांव क्षेत्र से एक बारात सोमवार की शाम महेवागंज के गांव मोहनपुरवा में आई थी। बारात में डांस पार्टी भी शामिल थी। रात में नर्तकियां स्टेज पर डांस कर रहीं थीं, इसी बीच कुछ युवक स्टेज पर चढ़ गए। नर्तकियों को नोट देने के साथ उनसे छेड़छाड़ शुरू कर दी। नर्तकियों ने इसका विरोध भी किया, लेकिन युवक नहीं माने और उनके साथ मारपीट करने लगे। इससे वहां हंगामा हो गया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने गांव आधाचाट निवासी दीपक वर्मा, राजन वर्मा, सुधीर वर्मा, सतीश कुमार, प्रदीप कुमार और शमशाद अली को दबोच लिया। पुलिस सभी छह आरोपियों को लेकर कोतवाली आई। चौकी प्रभारी ने बताया कि थाना नीमगांव के गांव ढखिया निवासी आशीष कुमार की ओर से पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।