शहर के
एक मोहल्ले में रहने वाली युवती को प्यार में धोखा मिला तो वह बर्दाश्त
नहीं कर पाई, उसने खुद पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। बाद में उसकी
जिला अस्पताल में मौत हो गई है। युवती के पिता ने युवक और उसकी मां के
विरुद्ध कोतवाली सदर में तहरीर दी है, हालांकि कोतवाल ने तहरीर मिलने से
इनकार करते हुए जांच की बात कही है।
शहर के एक मोहल्ला निवासी 20 वर्षीय
युवती का पड़ोस में ही रहने वाले युवक से लगभग एक साल पहले प्रेम संबंध
था। आरोप है कि युवक और उसके घर वालों ने लड़की से शादी कर लेने का वादा
किया था। परिवार वालों के अनुसार युवती गुरुवार को पड़ोसी के घर गई तो युवक
ने कहा कि मां ने मना कर दिया है, इसलिए वह शादी नहीं कर सकता। विवाह से
इनकार पर युवती बेहद परेशान हो गई, गुरुवार रात को उसने खाना भी नहीं खाया।
शुक्रवार को सुबह नौ बजे युवती ने छत पर चढ़कर अपने प्रेमी से बात की और
उसके बाद अपने ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। परिवार के लोगों ने उसे
जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवती के पिता ने युवक और
उसकी मां के विरुद्ध तहरीर दी है।
000
युवक और उसकी
मां के शादी से इनकार करने पर लड़की के आग ले लेने के कारण मौत होने की
जानकारी मिली है, लेकिन अब तक परिवार वालों ने तहरीर नहीं दी है। युवती ने
मजिस्ट्रेटी बयान भी दिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामले की
तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
-दुर्गेश चंद श्रीवास्तव, प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली सदर