नेपाल पुलिस ने एक गुलदार की खाल और उसकी 11 किलोग्राम हड्डियों समेत एक वन्यजीव तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
कैलाली पुलिस कार्यालय निरीक्षक सूर्य बहादुर चंद ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किए गए तस्कर राजकरन निवासी ढकरिया निवासी मनाऊ गांव, हसुलिया, कैलाली, नेपाल ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह खाल और हड्डियां दुधवा टाइगर रिजर्व के निकटवर्ती ग्राम सुरमा, चंदनचौकी के एक व्यक्ति से कुछ दिन पहले खरीद कर लाया था और इसे बेचने का प्रयास कर रहा था। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही उसके अन्य साथी भी गिरफ्तार किए जाएंगे।
बरामद गुलदार की खाल की लंबाई 9 फुट 10 इंच और हड्डियां का वजन 10 किलो 735 ग्राम है। इनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लाखों में बताई गई है। मालूम हो कि 17 जनवरी 2015 और 21 जनवरी 2015 को भी नेपाल पुलिस ने बाघ की दो खालें और 45 किलोग्राम हड्डियां बरामद कर तस्कर गिरफ्तार किए थे।