भीरा थाना क्षेत्र के मलूकापुर गन्ना क्रेशर से काम कर अपने गांव दुजईपुरवा जा रहे ठेकेदार की धारदार हथियार से प्रहार करने के साथ ही गला दबाकर हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को गांव के ही पास गन्ने के खेत में छिपा दिया गया। गुरुवार की सुबह ठेकेदार का शव बरामद किया गया। मृतक के पुत्र ने अपने दोनों बहनोई के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
दुजईपुरवा निवासी रमेसुर (60) पुत्र ठाकुर, मलूकापुर स्थित गन्ना क्रेशर पर लेबर ठेकेदार था। रमेसुर का छोटा पुत्र आदेश अपने पिता के ठेकेदारी के काम को देखता था। रमेसुर के दोनाें दामाद सोने निवासी मिदनिया गढ़ी (लखीमपुर) और पप्पू निवासी बिबियापुर थाना हरगांव (सीतापुर) अपनी ससुराल में ही रहकर क्रेशर पर साथ में काम करते थे। दो दिन पहले सोने और पप्पू शराब के नशे में धुत होकर अपनी-अपनी पत्नी को पीट रहे थे। बहनों के साथ मारपीट करता देखकर आदेश व बड़े भाई संजय ने विरोध किया तो साले और बहनोई में जमकर तकरार हुई और कुछ ही देर में मारपीट होने लगी। इधर घर पहुंचे रमेसुर को जब बात पता चली उन्होंने दोनों दामादों को घर से भगा दिया। आदेश के मुताबिक बुधवार की शाम करीब सात बजे रमेसुर क्रेशर पर पहुंचे, उसके बाद वह खाना खाने घर चला गया। घर से लौटते समय पुत्र आदेश को पप्पू व सोने गांव के बाहर रास्ते में बनी पुलिया पर बैठे हुए मिले। उसने पिता को आगाह भी किया। बताते हैं रात करीब 12 बजे जब आदेश क्रेशर से घर पहुंचा तो घर पर पिता को न मौजूद पाकर उसने तलाश शुरू कर दी। गांव के बाहर खेत के किनारे खून व चप्पलें मिलने पर खेत के अंदर जाकर देखा तो रमेसुर का शव पड़ा हुआ था। सूचना मिलने पर बुधवार रात करीब 10 बजे पुलिस मौके पर पहुंची और मौका-मुआयना करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर मृतक के पुत्र आदेश की तहरीर पर पुलिस ने दोनाें दामादों पप्पू और सोने के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जेबों से नगदी गायब थी
मृतक रमेसुर की जेबों से पैसा गायब था, पास में ही जेब से निकले डायरी और कागज पड़े हुए थे। मृतक के पुत्र आदेश के मुताबिक उसके पिता के पास उस दिन काफी रुपये थे, वह हमेशा सारा पैसा खुद अपने पास ही रखते थे।
सीओ गोला मधुबन सिंह ने बताया कि गन्ने के खेत में क्रेशर के ठेकेदार का शव मिला है। शरीर पर चोटों के कई निशान मिले हैं और मफलर से गला कसा पाया गया है। मृतक के पुत्र की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है।