जिला सहकारी बैंक के प्रबंधक श्रीराम भार्गव से एक इंश्योरेंस कंपनी के बोनस देने के नाम पर 40 हजार रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। सोमवार को बैंक प्रबंधक ने एसपी से पूरे मामले की शिकायत की। एसपी ने जांच के लिए मामले को साइबर सेल में भेज दिया है।
बैंक प्रबंधक ने बताया कि बैंक का बिजनेस करने के लिए एक इश्योरेंस कंपनी से टाइअप हुआ था। जिसमें बैंक प्रबंधक ने अपना इंश्योरेंस कराने के लिए 2008 में 18 हजार रुपये दिए। जुलाई 2012 में फोन आने पर 22 हजार रुपये जमा किए। जिसके बाद उन्हें 74 हजार रुपये बोनस देने की बात कही गई। इसी तरह बीमा कराने के नाम पर 25 हजार की पहली और 32,200 रुपये की डीडी भेजी। इंश्योरेस कंपनी के मुताबिक 35 दिन बाद दोनों पॉलिसी का भुगतान मिल जाना चाहिए था लेकिन पैसा जमा कराने के बाद भी भुगतान नहीं किया गया। बैंक प्रबंधक श्रीराम भार्गव ने कई बार इंश्योरेंस कंपनी के टोल फ्री नंबर पर बात करने का प्रयास किया लेकिन कोई ठोस बात नहीं हो पाई। इसके बाद भी कंपनी की ओर से बराबर फोन किया जा रहा है। एसपी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए छानबीन के लिए मामला साइबर सेल के सुपुर्द कर दिया है।