एसएसआई समेत छह के कार्यक्षेत्र बदले
लापरवाह दरोगाओं पर चला एसपी का चाबुक
लखीमपुर खीरी। निजाम बदलते ही एसपी मनोज कुमार झा ने भी कानून व्यवस्था को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने सीईआर में ड्यूटी न करने वाले 16 सिपाहियों को लाइन हाजिर करने के बाद जन शिकायतों और कानून व्यवस्था में लापरवाही बरतने के आरोप में थाना निघासन की पुलिस चौकी पढुआ इंचार्ज खादिम सज्जाद को लाइनहाजिर कर दिया। इसके अलावा तीन एसएसआई समेत छह दरोगाओं को इधर से उधर किया है।
कानून व्यवस्था को लेकर एसपी काफी सख्त हो गए हैं। उन्होंने जिले के कार्यकाल में पहली बार एक्शन लेते हुए एक साथ 16 सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया था। शुक्रवार को एसपी मनोज कुमार झा का एक बार फिर चाबुक चला। उन्होंने जन शिकायतों का निस्तारण न करने और कानून व्यवस्था में लापरवाही बरतने के आरोप में थाना निघासन की पढुआ पुलिस चौकी इंचार्ज खादिम सज्जाद को लाइनहाजिर कर दिया है। कोतवाली मोहम्मदी में तैनात एसएसआई मोहम्मद तौफीक अब पढुआ चौकी के प्रभारी होंगे। गोला कोतवाली की अलीगंज पुलिस चौकी प्रभारी सुनील कुमार सिंह को थाना पसगवां की पुलिस चौकी उचौलिया का प्रभारी बनाया है। उचौलिया प्रभारी शशि शेखर अब अलीगंज चौकी के प्रभारी होंगे। इसके अलावा एसएसआई फूलबेहड़ एसएन सिंह को इसी पद पर कोतवाली मोहम्मदी भेजा है। थाना पसगवां के एसएसआई अवधेश यादव को थाना फूलबेहड़ का एसएसआई बनाया है। एसआई वीर सिंह को थाना मोहम्मदी से कोतवाली चंदनचौकी भेजा है।