मैगलगंज क्षेत्र के गांव लालपुर में फूंका घर
मैगलगंज थाना क्षेत्र के गांव लालपुर में जमीन के विवाद के चलते दबंगों ने एक घर में मारपीट कर आग लगा दी। मारपीट में एक महिला घायल हो गई, उसे सीएचसी मितौली में भर्ती कराया गया। पीड़ित परिवार समेत ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे पर जाम लगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने सक्रियता से ऐसा हो नहीं सका।
लालपुर गांव में काफी दिनों से एक प्लाट पर कब्जे को लेकर विवाद चल रहा था। प्लाट पर कब्जा करने के लिए शुक्रवार की देरशाम को दर्जन भर से अधिक दबंग गांव पहुंचे। प्लाट पर कब्जा होते देखकर गुड्डी देवी और परिवार वालों ने विरोध किया तो दबंगों ने उन्हें पीट दिया। इसके बाद गुड्डी के घर को आग के हवाले कर दिया। पिटाई से गुड्डी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि उसके भाई मायाराम और पुत्र कौशल को भी चोटें आईं। कौशल ने बताया कि 20 से 25 लोग हमारे प्लाट को खाली कराने आए थे, बिना बताए दीवार को गिराने लगे। इसका विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पिटाई करने के बाद दबंगों ने पीड़ितों के घर को आग लगा दी, जिसमें पूरा सामान, धान, गेहूं जलकर राख हो गया। उधर, मैगलगंज के इंस्पेक्टर ने बताया कि तहरीर मिलने पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।