ताला डालकर बेटे के साथ लखनऊ गई थी महिला
सदर कोतवाली के मोहल्ला शांतीनगर में मकान का ताला तोड़कर चोर करीब तीन लाख रुपये का सामान बटोर ले गए। गृहस्वामिनी की तहरीर पर सदर कोतवाली पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला शांतीनगर निवासी सुमन पांडेय ने बताया कि उनके पति घनश्याम पांडेय बाहर रहकर नौकरी करते हैं। बड़ा बेटा हरिद्वार में पढ़ाई करता है। पहली मई को वह अपने छोटे पुत्र प्रसून पांडेय के साथ लखनऊ गईं थीं। घर के मुख्य गेट और सभी कमरों में ताले पड़े थे। इसी बीच चोरों ने उसके मकान का ताला तोड़ दिया और सेफ आदि का ताला तोड़कर उनमें रखी चार अंगूठी, एक चेन, दो जोड़ी कान के झाले, डीवीआर, हार्डिक्स, सेटअप बाक्स, कंप्यूटर की बोर्ड, 20 साड़ियां, बर्तन आदि सामान चोरी कर ले गए। आसपास के लोगों ने जब ताला टूटा देखा तो उन्हें जानकारी दी। जानकारी मिलने पर जब वह घर पहुंची और कमरों में गईं तो देखा कि सामान बिखरा पड़ा हुआ था। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मोहल्ले के ही कुछ लोगों पर चोरी करने का शक जाहिर किया है। सदर कोतवाल नागेश मिश्रा ने बताया कि गृहस्वामी सुमन पांडेय की ओर से अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।