खुलासा होने पर व्यापारियों ने किया हंगामा, शिकायत
पांच सौ और एक हजार के नोटों को बदलने में बैंकों में भी खेल शुरू हो गया है। इसका खुलासा आज उस समय हुआ जब शहर के तीन दवा व्यापारी पंजाब नेशनल बैंक की अस्पताल रोड शाखा में कैश जमा करने पहुंचे। उन्होंने अन्य नोटों के अलावा 86000 हजार रुपये के सौ के नोट जमा किए। कैशियर ने उनके जमा बाउचर में हेराफेरी करते हुए 100 के नोटों की जगह काटकर उन्हें 500 कर दिया। योग वही रखते हुए सिर्फ संख्या में बदलाव किया।
जब व्यापारियों को इसका आभास हुआ तो उन्होंने जमकर हंगामा किया। शाखा प्रबंधक ने जांच कर विभागीय कार्रवाई का आश्वासन दिया है। शनिवार को शहर के तीन दवा व्यापारियों प्रदीप कुमार, दीपक और कौशल वर्मा ने दुकान की बिक्री का कैश पंजाब नेशनल बैंक की अस्पताल रोड शाखा पर जमा किया। इसमें प्रदीप ने 50000 रुपये, दीपक ने 20000 के और कौशल किशोर ने 16000 रुपये के 100 के नोट जमा किए।
कैशियर ने व्यापारियों द्वारा भरे गए बाउचर में हेराफेरी करते हुए 100 रुपये के नोटों की संख्या बदलकर 500 रुपये के नोट इस तरह लिख दिए कि जमा का योग वही रहे। इस तरह 86000 रुपये के 500 रुपये के नोट चालाकी से बदल दिए गए। व्यापारियों को जब इसका आभास हुआ तो उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया।
बात कैमिस्ट एसोसिएशन तक पहुंची तो एसोसिएशन के मंत्री शरद मेहरोत्रा के नेतृत्व में व्यापारियों ने इसकी शिकायत शाखा प्रबंधक से की। शाखा प्रबंधक ने मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई का आश्वासन दिया तब जाकर व्यापारी शांत हुए।
--
मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। जांच के बाद आवश्यक विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
-जीएस व्यास, वरिष्ठ शाखा प्रबंधक, पंजाब नेशनल बैंक