देवकली रोड स्थित विकास ट्रेडिंग कंपनी के मुनीम से डीएस कॉलेज के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने गोली मारकर 60 हजार रुपये लूट लिए। मंगलवार की शाम को मुनीम वसूली कर बाइक से लौट रहा था। घायल मुनीम को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे लखनऊ रेफर कर दिया है। वारदात की सूचना मिलने पर कोतवाल रंजीत सिंह यादव और एसएसआई जिला अस्पताल पहुंचे और घायल मुनीम से पूछताछ की।
धौरहरा क्षेत्र के गांव चेहलुआ निवासी संदीप तिवारी देवकली रोड स्थित विकास ट्रेडिंग कंपनी में बतौर मुनीम काम करता हैै। मंगलवार को वह तकादा करने बाजार गया था, जहां से उसने करीब 60 हजार रुपये वसूली की थी। इसके बाद वह अकेले ही बाइक से लौट रहा था। तभी पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने डीएस कॉलेज के पास मुनीम को पीछे से कमर में गोली मार दी और उसके पास से 60 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। घायल मुनीम को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है।
अवधी सम्राट के पुत्र से चार हजार लूटे
लखीमपुर खीरी। गल्ला मंडी चौराहे पर अवधी सम्राट पं.बंशीधर शुक्ल के पुत्र सत्यधर शुक्ल से बदमाशों ने बैग छीन लिया, जिसमें चार हजार रुपये, पासबुकें और जरूरी कागजात थे। मन्यौरा निवासी सत्यधर शुक्ल ने घटना की सूचना कोवताली पुलिस को दी है। वह शहर से घर लौट रहे थे।
युवक की इलाज के दौरान मौत
लखीमपुर खीरी। मैलानी क्षेत्र के गांव पहाड़नगर निवासी 30 वर्षीय विशंभर की लखनऊ ले जाते समय मौत हो गई है। उसे रक्षाबंधन के दिन शनिवार को गांव के ही रामआसरे ने दारू के नशे में लाठी मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इसके बाद घायल विशंभर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे लखनऊ रेफर किया गया। लखनऊ से वापस लाने के बाद परिवार वालों ने उसका सीएचसी बांकेगंज में इलाज कराया, जहां से मंगलवार को उसे लखनऊ ले जाया जा रहा था। रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। एसओ मैलानी ने बताया कि मामले में आरोपी रामआसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। अब धाराएं तरमीम कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।