थाना खीरी के ओयल पुलिस चौकी क्षेत्र में खैराबाद नहर में बुधवार को बहे थाना फरधान के गांव लौकी निवासी 30 वर्षीय अकबाल हुसैन का शव पुलिस ने बरामद कर लिया है। शव मिलने से उनके घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना फरधान के गांव लौकी निवासी अकबाल हुसैन नाई गिरी का काम करता था। बुधवार की शाम वह दुकान बंद कर साइकिल से घर वापस आ रहा था। परिवार वालों ने बताया कि खैराबाद नहर पर अकबाल जब पहुंचा तो उसने साइकिल खड़ी कर पुल की रेलिंग पर बैठ गया। इसी बीच अचानक अनियंत्रित होकर वह नहर में गिर पड़ा। इस पर बड़ी संख्या में भीड़ जुट गई। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस और परिवार वालों को दी। इस पर परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। अंधेरा होने तक पुलिस ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई पता न चलने पर वापस लौट आई। गुरुवार को मौके पर दोबारा पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के साथ नहर में अकबाल हुसैन की तलाश कराई तो शव पुल से काफी दूर आगे नहर में बरामद हुआ। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।