मैनपुरी। मारपीट करते दो युवकों को पुलिस पकड़ लाई तो उनमें से एक की मां और भाई ने चौकी में घुस कर हंगामा कर दिया। एक सिपाही के साथ मारपीट कर चौकी में तोड़फोड़ की। इस दौरान सिपाही का गला दबाने की कोशिश भी की गई। बचाने आए अन्य पुलिसकमियों के साथ उन्होंने अभद्रता की। सूचना पर जब तक महिला पुलिसकर्मी पहुंचती वह बेटे को लेकर भाग निकली। बाद में पीड़ित सिपाही की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी महिला और उसके एक बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
गुरुवार सुबह गनेश बुर्ज चौकी के सामने शिबू तोमर निवासी नगला पजावा के टेंपो से दुर्गेश निवासी मोतीगंज मंडी की टक्कर हो गई। दोनों में मारपीट हुई तो चौकी पर मौजूद सिपाही अर्जुन सिंह साथियों के साथ मौके पर पहुंच गया। पुलिस दोनों को पकड़कर चौकी ले आई। करीब 10:20 बजे शिबू का भाई सूरज और मां मधुदेवी चौकी पर पहुंचे। उन्होंने शिबू के साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए वहां मौजूद तीन सिपाहियों के साथ अभद्रता शुरू कर दी। महिला ने सिपाही अर्जुन का गला दबा लिया।
साथी पुलिसकर्मियों ने उसे बचाया तो महिला व उसके पुत्र ने चौकी पर रखी कुर्सियां उठाकर फेंकनी शुरू कर दी। वे लगातार सिपाही को जान से मारने की धमकी दे रहे थे। चौकी पर हंगामे की सूचना मिलने के बाद महिला थाना से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचीं। उन्हें देखकर महिला अपने पुत्र के साथ वहां से निकल गई। बाद में पुलिस ने महिला को पकड़ लिया। अपर पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश सिंह के मुताबिक मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी महिला मधुदेवी व उसके पुत्र सूरज को गिरफ्तार कर लिया है।
सीओ कार्यालय परिसर में है चौकी
गनेश बुर्ज चौकी सीओ कार्यालय परिसर में स्थित है। इसी परिसर में महिला थाना व स्वाट टीम का कार्यालय है। वहां दिनभर करीब आधा सैकड़ा पुलिसकर्मी मौजूद रहते हैं। ऐसे स्थान पर भी जब पुलिसकर्मियों को पीटा जाएगा तो भला अब पुलिस कहां सुरक्षित रह सकती है।