थाना क्षेत्र में शनिवार की दोपहर लापता हुए युवक का शव रविवार को जगदीश सिंह के गन्ने के खेत में मिला। गांव पचपेड़ा निवासी टीकाराम का 28 वर्षीय पुत्र नेकीराम शनिवार की दोपहर को घर से निकला था, जिसके बाद से वह घर नहीं लौटा। परिवार वाले नेकीराम की तलाश कर ही रहे थे कि कुछ राहगीरों ने उसका शव रविवार को धर्मापुर बाजार के पास जगदीश सिंह के गन्ने के खेत में पड़ा देखा, जिसके बाद गांव वालों ने नेकीराम के परिवार वालों को सूचना दी। शव से बदबू आने से अनुमान लगाया जा रहा है कि नेकीराम की मौत शनिवार को ही किसी समय हुई होगी। परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताई है। हालांकि अभी किसी रंजिश से इंकार किया है। एसओ मनोज सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट आने पर मौतका कारण स्पष्ट हो सकेगा। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।