कोतवाली क्षेत्र में कस्बा बेलरायां निवासी गुटका व्यापारी मोनू गुप्ता के घर गुरुवार रात आधा दर्जन सशस्त्र बदमाशों ने उनकी छत पर चढ़कर लूटने का प्रयास किया, लेकिन इस बीच शोर मचाने पर बदमाश फायर करते हुए गन्ने के खेत से होकर भाग निकले। सूचना पर पहुंचे सीओ और एसएसबी पोस्ट डांगा के मेजर ने पुलिस के साथ बदमाशों की तलाश में खेतों में कांबिंग की। पीड़ित ने घटना की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी है।
कस्बा बेलरायां में गुटका व्यापारी मोनू गुप्ता का घर है तथा कुशाही बाजार में उनकी किराना की दुकान है। गुरुवार की देर शाम मोनू गुप्ता अपनी दुकान बंदकर घर पहुंचे ही थे कि कुछ देर बाद करीब सात बजे असलहों से लैस आधा दर्जन नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोलकर उनकी छत पर चढ़ गये। इस बीच बदमाशों की आहट पाकर मोनू गुप्ता की पत्नी ज्योति गुप्ता ने शोर मचा दिया। बदमाशों ने बचाव में छत पर पड़ी ईंटों से हमला किया, लेकिन तब तक शोर सुनकर पड़ोसियों ने लाठी-डंडा लेकर बदमाशों को ललकारा, जिससे घबराकर बदमाश फायर करते हुए बेलरायां निवासी थापा के गन्ने के खेत में घुस गए। इस बीच सूचना पाकर एसएसबी डांगा के मेजर एसजी करीब आधा दर्जन जवानो के साथ मौके पर पहुंच गए। इस बीच सीओ मोहम्मदी इब्राहिम भी घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद कोतवाली तिकुनियां के एसआई रामकरन रावत ने मौके पर पहुंचकर बदमाशों की खोज में गन्ने के खेत को चारों तरफ से घेर लिया, लेकिन वे मौका पाकर फरार हो गए। कोतवाली इंसपेक्टर जनमेजय सचान ने बताया कि बदमाशों की तलाश में तीन टीमों के साथ वह खुद दबिश दे रहे हैं। इसके अलावा कस्बे में गश्त और तेज कर दी गई है।