क्या हत्या की योजना बनाकर आए थे पांचों युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हत्यारों से कोई कहासुनी भी नहीं हुई
पिस्टल, सोने की चेन ले गए जेब के छह हजार रुपये छोड़ गए
परिवार ने किया रंजिश से इंकार, कारणों को लेकर असमंजस
राजस्व अमीन अशोक कुमार श्रीवास्तव उर्फ गुड्डू की हत्या योजनाबद्ध थी या लूट के दौरान की गई, भले ही पुलिस कुछ नहीं कह पा रही हो लेकिन घटना योजनाबद्ध हत्या की ओर इशारा कर रही हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों बाइक पर सवार पर पांचों युवक ने तेजी में अशोक कुमार श्रीवास्तव की गाड़ी ओवरटेक की। कोई बातचीत नहीं बस सीधे मारपीट शुरू कर दी और गोली मार दी। सोने की चेन, पिस्टल और मोबाइल लूट से घटना को लूट दिखाने की कोशिश की है लेकिन अशोक की जेब में रखे छह हजार रुपये अधिक की नगदी और एटीएम कार्ड छोड़ना सवाल खड़े करता है। मोबाइल का लूटा जाना भी इस ओर इशारा करता है कि हत्यारे मोबाइल के जरिए किसी क्लू के मिलने की आशंका से भी बचना चाहते थे।
हालांकि परिवार वालों का कहना है कि कई सालों से शहर के मोहल्ला फत्तेपुर में अपने निजी मकान में रह रहे राजस्व अमीन अशोक कुमार श्रीवास्तव से किसी की कोई दुश्मनी नहीं थी। वह सहनशील और मृदुल स्वभाव के थे। मृतक की जेब से रुपये, एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य कागजात भी मिले हैं। हालांकि कुछ इन तथ्यों से पुलिस लूट और रंजिशन हत्या में उलझी है। वह दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है। खुलासे के लिए एएसपी के साथ क्राइम ब्रांच की स्वॉट टीम और सर्विलांस को भी लगाया गया है। एएसपी दीपेंद्र नाथ सिंह ने बताया कि बातचीत में प्रधानी चुनाव की रंजिश की बात सामने आई थी लेकिन परिवार इससे इंकार कर रहा है।
बड़े थे अशोक
मृतक अशोक कुमार श्रीवास्तव दो भाइयों में बड़े थे। छोटे भाई अजय कुमार श्रीवास्तव खेतीबाड़ी करते हैं और निघासन तहसील में स्टांप वेंडर हैं। अशोक के दो पुत्र हैं। बड़ा पुत्र अभिषेक बायोटेक्नोलॉजी से एमटेक और छोटा पुत्र अवनीत पॉलेटेक्निक से इंजीनयरिंग कर रहा है। पत्नी शैल श्रीवास्तव गृहिणी हैं।
खंईया पुलिस पिकेट के पास मारी गई थी गोली
महेवागंज। संग्रह अमीन अशोक श्रीवास्तव को खंईया पुलिस पिकेट के पास बदमाशों ने गोली मारी थी। यह पुलिस पिकेट फूलबेहड़ थाने से संबद्ध है। एक बाइक पर सवार एक बदमाश ने एक, दूसरे ने दो फायर किए थे। यह बात पुलिस की शुरुआती जांच और प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा कही जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही खईयां बैंक के पास गश्त कर रहे सिपाही मौके पर पहुंचा। उसने फौरन थाने पर सूचना दी थी। फूलबेहड़ प्रभारी साधू शरण ने बताया कि यह लूटपाट का मामला नहीं लग रहा।
भड़के साथी, गिरफ्तारी तक पोस्टमार्टम रोका
लखीमपुर खीरी/शारदानगर। राजस्व अमीन अशोक कुमार श्रीवास्तव की गोली मारकर हत्या किए जाने से लोगों में रोष है। पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद तमाम अमीन, वकील और अन्य साथियों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोपियों के गिरफ्तार न होने तक पोस्टमार्टम न करने देने के एलान साथ शव एंबुलेंस से नहीं उतरने दिया। इससे पुलिस के हाथ पांव फूल गए। मौके पर पहुंचे एडीएम के समझाने के बाद लोग माने। उधर, उत्तर प्रदेश राजस्व संग्रह अमीन ने डीएम को ज्ञापन सौंपा है।
शव का पंचनामा भरकर पुलिस ने एंबुलेंस से दोपहर करीब तीन बजे पोस्टमार्टम हाउस भेजा। शव के साथ पहुंचे सैकड़ों लोग पुलिस के विरोध में नारेबाजी करने लगे। गुस्साई भीड़ ने यह कहते हुए शव को एंबुलेंस से उतारने से मना कर दिया कि जब तक हत्यारे पकड़े नहीं जाएंगे, शव का पोस्टमार्टम नहीं होगा। मौके पर भारी पुलिस फोर्स के साथ मौजूद सीओ मोहम्मदी मनोज यादव ने लोगों को समझाने-बुझाने की कोशिश की लेकिन लोग अपनी जिद पर अड़े रहे। बाद में एडीएम एसपी सिंह, एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया-बुझाया और हत्यारों को शीघ्र गिरफ्तार कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान करीब तीन घंटे शव एंबुलेंस में पड़ा रहा। उधर, उत्तर प्रदेश राजस्व संग्रह अमीन संघ ने डीएम को संबोधित ज्ञापन देकर हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी न होने पर उग्र आंदोलन छेड़े जाने की चेतावनी दी है। ज्ञापन पर जिला अध्यक्ष प्रमोद कुमार और जिला मंत्री सुधीर कुमार श्रीवास्तव के हस्ताक्षर हैं।