पलिया-दुधवा मार्ग पर बंशीनगर के पास चंदनचौकी से सवारी लेकर आ रही एक मैजिक ब्रेक फेल हो जाने के कारण पेड़ से टकरा गई। जिससे इसमें सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन सवार बुरी तरह से जख्मी हो गए। उन्हें सीएचसी ले जाया गया और वहां से हालत गंभीर होने के कारण जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मैजिक संख्या यूपी 31 टी 6445 का चालक मुरली निवासी बंशीनगर चंदनचौकी से सवारियां लेकर पलिया आ रहा था। जब वह बंशीनगर के पास पहुंचा तो मैजिक के ब्रेकफेल हो गए और वाहन बेकाबू होकर सड़क किनारे लगे एक पेड़ से जा टकराया। इसमें उस पर सवार बसंतापुर थाना पलिया निवासी 55 वर्षीय खुशीराम की मौके पर ही मौत हो गई। जब कि चालक मुरली, बंशीनगर निवासी राजू और भानूटिया ऐंठगांव निवासी सियाराम बुरी तरह से जख्मी हो गए। सूचना पर एंबुलेंस पहुंची और सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाई। यहां तीनों जख्मी लोगों की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें सघन इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सड़क हादसे में महिला
की मौत, पति जख्मी
गोला गोकर्णनाथ/ममरी। गोला खुटार रोड पर छत्तीपुर नं 18 गांव के पास दो बाइकों की हुई आमने-सामने भिड़ंत में एक महिला की मृत्यु हो गई जबकि बाइक चालक और सवार एक अन्य महिला समेत दो लोग गंभीर घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को 108 एंबुलेंस से सीएचसी गोला में जाकर मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रविवार दोपहर खुटार थाना क्षेत्र के ग्राम खड़सार निवासी चंद्रपाल (30) अपनी पत्नी सुखरानी (28) ग्राम भरिगवां निवासी सास सत्यवती(50) के साथ अपने छह माह के पुत्र की दवाई लेने गोला एक डॉक्टर के यहां आया था। लौटते समय छत्तीपुर गांव के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। हादसे के बाद बाइक रोड के नीचे जा गिरी और सुखरानी की मौके पर मौत हो गई जबकि बाइक चला रहे चंद्रपाल उसकी सास सत्यवती गंभीर घायल हो गए। हादसे में दूसरी बाइक का चालक भी जख्मी हो गया जो बाइक समेत भागने में कामयाब रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी भेजकर मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया है।