साथियों के साथ गांव के पास स्थित तालाब में नहाने गए 13 वर्षीय किशोर की डूबकर मौत हो गई। उसके साथियों के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने जाकर किशोर को बाहर निकाला। परिवार वाले उसको निघासन अस्पताल ले गए लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घरवालों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया है।
निघासन थाना क्षेत्र के सुक्खनपुरवा मजरा रकेहटी निवासी साबिर अली का 13 वर्षीय पुत्र कयामत अली शुक्रवार दोपहर अपने कुछ साथियों के साथ गांव के दक्षिण तालाब में नहाने गया था। वह गांव के प्राइमरी स्कूल में कक्षा पांच का छात्र था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नहाते समय कयामत गहरे पानी में पहुंच जाने से डूब गया। साथियों ने शोर मचाया। इस पर आसपास मौजूद ग्रामीण वहां पहुंचे। उन्होंने कयामत को बाहर निकाला। परिवार वाले उसे गंभीर हालत में सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद घरवालों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया।