रिश्तेदार की अंत्येष्टि में शामिल होकर लौट रहा था
रिश्तेदार की अंत्येष्टि में शामिल होकर लौट रहे ऑटो चालक की पुलिस चौकी के पास सोमवार तड़के सड़क हादसे में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
शाहजहांपुर के थाना रोजा के गांव तुर्कीखेड़ा निवासी 45 वर्षीय समदुल्ला, परिवार के सदस्यों के साथ हरदोई जिले के जहानीखेड़ा कस्बे में भांजे अमीर हसन के पुत्र सद्दाम की अंत्येष्टि में शामिल होने के बाद लौट रहे थे। उचौलिया चौकी क्षेत्र में हाईवे पर राजा कोठी के पास उनका ऑटो खराब हो गया, जिस पर उन्होंने पड़ोस के गांव पड़रा सिकंदरपुर से ऑटो मंगवाया। बाद में सभी इसी ऑटो से चल दिए। रास्ते में उचौलिया कस्बे में पुलिस चौकी के पास हाईवे पर किसी अज्ञात भारी वाहन ने उनके ऑटो में टक्कर मार दी। जिससे समदुल्ला हाईवे पर जा गिरे और वाहन के नीचे आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। समदुल्ला की मौत से वहां कोहराम मच गया। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टर्माटम के लिए भेजा। बताया जाता है कि हादसा सड़क पर मिट्टी का ढेर लगा होने के कारण हुआ।