फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शांति कमेटी की बैठक में आशांति

Fri, 03 Mar 2017 11:28 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो लखीमपुर खीरी।
विज्ञापन
शां‌‌‌‌‌त‌ि कमेटी बैठक - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
उग्र रहे हिंदू संगठनों के सदस्य 
विज्ञापन

प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल
कमिश्नर ने की शांति की अपील 
शहर के हालात सामान्य करने के लिए पीस कमेटी की बैठक में हिंदू संगठन के सदस्यों ने पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली को रोष व्यक्त किया। कई बार हंगामे को शांत करने के लिए अफसरों को मानमनौव्वल करना पड़ा। 
कलक्ट्रेट सभागार में कमिश्नर भुवनेश कुमार, आईजी ए सतीश गणेश और डीआईजी प्रवीण कुमार ने दोनों समुदाय के लोगों से विस्तार से बातचीत कर हालात सामान्य कराने की कोशिश की। बैठक में व्यापारी नेता दिलीप गुप्ता ने कहा कि चोट भी हमीं ने खाई और गिरफ्तारी भी हमारी ही हुई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की पुरजोर मांग की। अन्य सदस्यों ने गिरफ्तार भाजपा नेता विनोद गुप्ता के बारे में जानकारी मांगी। गोली लगने से घायल दो लोगों के इलाज और उनको प्रशासन की ओर से मुआवजा न दिए जाने पर रोष जताया। 
विज्ञापन

अधिवक्ता विनय तिवारी ने कहा कि हिंदू संगठनों की शिकायतों को जिला प्रशासन ने कभी तवज्जो नहीं दी। उन्होंने गोलीकांड के बाद बहुसंख्यक समाज को दबाने के लिए कर्फ्यू लगाने का आरोप भी लगाया। हंगामा तब बढ़ गया, जब धौरहरा के रामनगर लहबड़ी और गोला के भुड़वारा में बड़े पैमाने पर गोहत्या की घटनाओं पर पुलिस और प्रशासन की भूमिका पर हिंदू संगठनों ने सवाल दागे। हालांकि लखनऊ से आए अफसरों ने स्थिति को संभाल लिया। डीआईजी प्रवीण कुमार ने दोनों पक्षों को आश्वस्त करते हुए कहा है कि वीडियो वायरल करने और गोलीकांड के आरोपियों पर रासुका के तहत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही गैंगेस्टर भी लगाया जाएगा। पूर्व की घटनाओं की समीक्षा कराकर समुचित कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने शहर से पुराना रिश्ता बताते हुए पूरे घटनाक्रम के निष्पक्ष खुलासे के लिए नार्को टेस्ट कराने की बात कही है। 
आईजी ए सतीश गणेश ने गोली से घायलों के इलाज के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि दोनों खतरे से बाहर हैं। कहा कि अब कार्रवाई शुरू हुई है, जिसके नतीजे धीरे-धीरे सामने आएंगे। कमिश्नर भुवनेश कुमार ने अपनी बात की शुरुआत में कहा कि गलतियों से जुदा तुम भी नहीं और जुदा हम भी नहीं। दोनों इंसान हैं, खुदा तुम भी नहीं और खुदा मैं भी नहीं। उन्होंने शांति बहाल करने की अपील करते हुए कहा कि मतभिन्नता को स्वीकार कर लेना ही विशेषता है। कर्फ्यू से बच्चों और बीमारों को हो रही परेशानियों का भी जिक्र किया। 
पीस कमेटी बैठक में सीडीओ अमित सिंह बंसल, एडीएम उमेश नारायण पांडेय, बरेली के एसपी क्राइम एमपी सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष शरद वाजपेयी, बसपा जिलाध्यक्ष अजय चौधरी, सपा जिलाध्यक्ष अनुराग पटेल मौजूद रहे। 

सपा जिलाध्यक्ष के बोलने पर जताया विरोध
पीस कमेटी बैठक में सभी लोग अपने-अपने विचार रख रहे थे। इसी बीच सपा जिलाध्यक्ष अनुराग पटेल भी बोलने के लिए उठे, तो हिंदू संगठन के लोगों ने विरोध जताते हुए हंगामा कर दिया। इससे अनुराग पटेल को बिना बोले ही बैठना पड़ा। स्थिति बिगड़ती देख डीएम, एसपी ने समझाकर शांत कराया। 

विहिप के प्रदेश उपाध्यक्ष रामसेवक शर्मा ने कहा कि हमेशा से शांत रहने वाले जिले में कर्फ्यू लगना अच्छा संकेत नहीं है। दोनों पक्षों को समान रूप से अपनी-अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। माहौल खराब होने के पीछे कारणों को तलाश कर उनका इलाज करना होगा, तभी शांति-व्यवस्था कायम रह सकेगी। 

तीसरी बार वीडियो बनाकर किया वायरल 
लखीमपुर खीरी। व्यापार मंडल के महेश पुरी ने कहा कि यह पहला वीडियो वायरल नहीं हुआ, बल्कि इससे पहले भी यही आरोपी दो वीडियो वायरल कर चुका है। तब भी पुलिस-प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने पुलिस के साइबर सेल और सर्विलांस पर सवाल उठाए। व्यापार मंडल के पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मचंद जैन ने कहा कि वीडियो बनाने वाले छात्र के अंदर इतनी नफरत कैसे पनपी। ऐसे घिनौने विचार कहां से पैदा हुए। इसकी गहराई से जांच की जानी चाहिए। 

इन्होंने की शांति की अपील
जामा मस्जिद के पेश इमाम मौलाना इसहाक ने वायरल किए गए वीडियो की निंदा करते हुए कहा कि इसमें शामिल आरोपियों को कठोर सजा मिलनी चाहिए। ऐसे लोगों की कोई भी पैरवी नहीं करेगा। 

मौलाना रईस ने वीडियो वायरल करने की घटना की निंदा करते हुए कहा कि इस्लाम में सभी धर्मों का सम्मान करने की बात कही गई है। ऐसे लोग समाज का माहौल खराब करते हैं, जिनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

सिद्दीक अहमद ने कहा कि घर को आग लगी घर के चिराग से। भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न होने पाए। इसलिए कठोर कार्रवाई कर ऐसे लोगों को संदेश दिया जाना चाहिए। 
विज्ञापन


विहिप के विभाग मंत्री आचार्य संजय मिश्रा ने शहर में सौहार्द बिगाड़ने के पीछे जिले में पाकिस्तान की कुख्यात एजेंसी आईएसआई का हाथ होने की आशंका जताई है। इस आपत्तिजनक वीडियो को बनाने के पीछे गहरी साजिश की आशंका जताई है। साथ ही कर्फ्यू के दौरान मंदिरों में प्रवेश पर लगी रोक को हटाने की मांग रखी। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें