कैसरबाग डिपो की बस में नौ यात्रियों केे नहीं बने मिले टिकट
गोला और शाहजहांपुर डिपो की बसों में भी एक-एक यात्री का नहीं बना था टिकट
लखीमपुर डिपो के एआरएम ने शुक्रवार की रात में चेकिंग अभियान चलाया, जिसमें कैसरबाग डिपो की बस में नौ, शाहजहांपुर और गोला डिपो की बस में एक-एक यात्री का टिकट नहीं बना मिला। एआरएम ने तीनों परिचालकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए उनके एआरएम को लिखा है।
एआरएम वीके गोस्वामी ने शुक्रवार की रात गोला डिपो के एटीआई प्रेमशंकर कोष्टा और हेम सिंह यादव के साथ अंदेशनगर के पास कैसरबाग डिपो की बस संख्या यूपी 33टी एटी 4651 को चेक किया,यह बस गौरीफंटा जा रही थी। बस में 29 यात्री सवार थे, जिसमें नौ के टिकट नहीं थे। इसमें से छह लोग लखीमपुर से पलिया और तीन लोग पड़रिया तुला जा रहे थे। वहीं शाहजहांपुर डिपो की बस संख्या यूपी 27 टी 3456 को फरधान के पास चेक किया, जिसमें 13 यात्री सवार थे, इसमें गोला से लखीमपुर जा रहे एक यात्री का टिकट नहीं बना मिला। वहीं गोला से मैलानी जा रही गोला डिपो की बस संख्या यूपी 30 ए 9820 को अहमदनगर गांव के पास चेक किया , जिसमें सवार नौ यात्रियों में से गोला से खुटार जा रहे एक यात्री का टिकट नहीं बना मिला। एटीओई प्रेमशंकर ने बताया कि यात्रियों ने पूरा किराया दिए जाने की बात कहकर तीनों परिचालकों का भ्रष्टाचार उजागर कर दिया। एआरम ने कैसरबाग डिपो के परिचालक दया शंकर तिवारी, शाहजहांपुर डिपो के परिचालक धर्मेंद्र गुप्ता और गोला डिपो के परिचालक राजीव कुमार के खिलाफ कार्रवाई के लिए संबंधित एआरएम को लिखा है।
चेकिंग के दौरान एक बस में नौ और दो बसों में एक-एक यात्री के टिकट नहीं बने मिले। इन सभी के खिलाफ कार्रवाई के लिए उनके एआरएम को लिखा है।
-वीके गोस्वामी एआरएम