10 वीं की छात्रा से रेप की घटना के एक माह बाद सात आरोपियों के खिलाफ दुराचार करने का मामला दर्ज कर लिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक सीतापुर की रहने वाली उक्त छात्रा को एक माह पूर्व वहीं के जीप स्टैंड से अगवा कर उसके साथ लखीमपुर खीरी में दुराचार किया गया। छात्रा को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।
शहर कोतवाल शिवशंभू किशोर जायसवाल के मुताबिक घटना नौ फरवरी की बताई जा रही है। छात्रा का आरोप है कि वह सीतापुर में स्कूल से पढ़कर एक जीप स्टैंड पर पहुंची, इसी दौरान एक वाहन आकर रुका, जिसमें बैठे लोगों ने उसे जबरन उसमें बैठा लिया। इसके बाद उसे लखीमपुर खीरी शहर से सटे एक मकान में ले जाया गया, जहां कमरा बंद कर पिटाई की और बाद में दुराचार किया। उसे धमकी भी दी गई। इसके बाद कई जगहों पर उसे कई-कई दिनों तक रखा गया। इस बीच, कल वह किसी तरह वहां से छूटी और पुलिस के पास पहुंची। कोतवाल ने बताया कि पीड़िता एक दिन पहले सदर कोतवाली पहुंची और महिला पुलिसकर्मी को अपने साथ हुई घटना के बाबत जानकारी देकर तहरीर दी। पुलिस ने छात्रा की तहरीर पर सीतापुर जिले के लहरपुर थाना क्षेत्र के गांव मझरी निवासी शंभू और बनवारी, लखीमपुर सदर कोतवाली के गांव बालूडीह निवासी मुलायम, रिंकू, रामदत्त और अच्छेलाल के अलावा एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अगवा कर मारपीट करने, धमकी देने और दुराचार करने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। छात्रा के आरोपों के मुताबिक मामले की गंभीरता को देखते हुए घटना की विवेचना शहर कोतवाल को सौंपी गई है।