युवक की पिटाई के मामले में बुधवार को भी तनाव रहा। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कई ग्रामीण एडीएम हरिकेश चौरसिया से मिले। वहीं पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
अंबेडकर जयंती शोभायात्रा में शामिल युवक नंदकिशोर का जंगलीनाथ के लोगों से विवाद हो गया था। आरोप है कि मामला तब बिगड़ा जब कहासुनी के बाद नंदकिशोर को उसके गांव से ले जाकर बुरी तरह मारा-पीटा। शोभायात्रा में शामिल लोगों के हंगामा करने पर पुलिस नंदकिशोर को आरोपियों के पास से छुड़ाकर लाई। बाद में युवक की हालत बिगड़ने पर कई घंटे हंगामा होता रहा। सीओ गोला मधुबन कुमार सिंह व कई थाने की फोर्स मौके पर पहुंच गई। नंदकिशोर के पिता की तहरीर पर पुत्र नंदकिशोर से मारपीट कर घायल करने, असलहों के बल पर उठा ले जाने का मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ धारा 323, 325, 308, 504, 506, आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।