कोर्ट के आदेश पर सहकारिता विभाग के एडीसीओ और दो अन्य के खिलाफ मोहम्मदी पुलिस ने लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच एसआई अतुल कुमार को सौंपी गई है।
कोर्ट को दिए प्रार्थना पत्र में गोकन सहकारी समिति के आंकिक विशेष कुमार का कहना है कि 20 अगस्त 15 को वह समिति पर खाद बिक्री कर रहा था, तभी मोहम्मदी तहसील के सहकारिता विभाग के एडीसीओ मोहम्मद तारीक अपने दो साथियों के साथ समिति पर आए और पैसों की मांग कर उससे खाद बिक्री के 21 हजार 576 रुपये छीन लिए और अपशब्द कहकर चले गए। पीड़ित ने घटना की सूचना समिति के सचिव सुशील कुमार तिवारी को दी तथा मोहम्मदी कोतवाली आकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की, रिपोर्ट दर्ज न होने पर पीड़ित पक्ष ने कोर्ट की शरण ली।
न्यायिक मजिस्ट्रेट ने मामले को सुनकर पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया। पुलिस ने मोहम्मद तारीक सहित दो अन्य लोगों के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज कर एसआई अतुल कुमार को जांच सौंप दी है।