एआरटीओ दफ्तर में गुरुवार को ट्रक की फिटनेस रिपोर्ट बनवाने गए ट्रक मालिक से लेनदेन को लेकर कर्मचारियों से विवाद हो गया। इस दौरान ट्रक मालिक को कर्मचारियों और दलाल ने दौड़ाकर पीटा। जिससे वह लहूलुहान हो गया। ट्रक मालिक ने कोतवाली पहुंचकर मामले की शिकायत की है। छाउछ निवासी ट्रक मालिक सदाकत अली ने बताया कि गुरुवार की दोपहर वह एआरटीओ दफ्तर में अपने ट्रक संख्या यूपी 42 टी-2240 की फिटनेस रिपोर्ट बनवाने के लिए आया था और संबंधित बाबू से बात कर रहा था। आरोप है कि उससे फिटनेस रिपोर्ट देने के लिए तीन हजार रुपये की मांग की जा रही थी। उसने देने से मना किया तो अभद्रता की गई और दफ्तर से बाहर धकेल दिया गया। विरोध करने पर कर्मचारियों और एक दलाल ने उसे परिसर में दौड़ाकर लात-घूसों से बुरी तरह पीटा, जिससे सदाकत अली के चेहरे और सिर में चोट लगने से वह लहूलुहान हो गया। एआरटीओ दफ्तर में मारपीट की इस घटना के दौरान काफी लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। बाद में सदाकत और उसके साथी सदर कोतवाली पूरे मामले की शिकायत करने पहुंचे।