प्रधानपति पर रेप की कोशिश का विरोध करने पर मारपीट का है आरोप
दिन भर थाने पर बैठाने के बाद भी नहीं कराया महिला का मेडिको लीगल
रसोइया के साथ रेप की कोशिश करने और विरोध करने पर उसकी पिटाई करने के आरोपी प्रधानपति के खिलाफ कोतवाली पसगवां पुलिस ने अपने मनमाफिक एनसीआर लिखकर पीड़िता का उस पर अंगूठा लगवा लिया। सीएचसी में मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे दिन भर थाने में बैठाए रखा और जिला अस्पताल मेडिको लीगल के लिए नहीं भेजा। बृहस्पतिवार को घायल रसोइया एसपी दफ्तर पहुंची और शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली पसगवां के एक गांव की घायल महिला ने बताया कि वह मायके में रहती है और गांव के ही प्राथमिक स्कूल में रसोइया है। उसका पुत्र दिल्ली में एक कंपनी में काम करता है। उसने बताया कि 29 जनवरी की शाम करीब साढ़े सात बजे वह गांव में सामान लेने जा रही थी। आरोप है कि प्रधानपति उसे रास्ते से अपने घर ले गया और उसके साथ रेप का प्रयास किया, विरोध करने पर लात-घूसों से जमकर पिटाई की। बाद में नशीली दवा सुंघाकर घर के बाहर डाल दिया। होश आने पर वह अपने घर पहुंची। उसने अपने पुत्र को घटना की जानकारी दी। पुत्र के आने पर वह कोतवाली गई और पुलिस को तहरीर दी। आरोप है कि राजनीतिक दबाव के चलते पुलिस ने उसकी तहरीर नहीं ली और मनमाफिक जुबानी सूचना दर्ज कर एनसीआर लिख ली। उसका सीएचसी से मेडिकल परीक्षण कराया, डॉक्टर ने मेडिको लीगल के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन बहाने बताकर पुलिस उसे पूरे दिन कोतवाली में बैठाए रखी। शाम होने पर वृहस्पतिवार को मेडिको लीगल कराने की बाद कहकर वापस कर दिया। घायल पीड़िता परिवार के अन्य लोगों से एसपी दफ्तर पहुंची और सीओ धौरहरा को शिकायती पत्र दिया। सीओ ने मेडिको लीगल कराने और सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए।
बुधवार को मेडिकल परीक्षण सीएचसी में कराया गया था। महिला ने पेट में चोट लगने की बात कही थी। मेडिको लीगल के लिए जिला अस्पताल भेजने के लिए पीड़िता को वृहस्पतिवार को आने के लिए कहा गया था। पीड़िता कुछ लोगों के साथ सुबह आठ बजे थाने आई, लेकिन जब तक होमगार्ड कागज लेकर आता तब तक वह लोग चले गए थे।
आरआर यादव, इंस्पेक्टर पसगवां