लखीमपुर खीरी/ धनगढी-नेपाल। काठमांडू से धनगढ़ी आए एक बाबा ने रुपयों को डबल करने का झांसा देकर धनगढ़ी के कई लोगों के साथ लाखों की ठगी की। ठगी करने के बाद बाबा फरार हो गया। ठगी का शिकार हुए लोगों ने उसको भारतीय बाबा बताया है।
धनगढी निवासी शांति सिंह ने बताया कि गत वर्ष उनके पुत्र रोशन सिंह को काठमांडू में पशुपति नाथ मंदिर पर एक भारतीय बाबा से मुलाकात हुई थी। उसके बाद बह बाबा धनगढ़ी स्थित उनके निवास पर आया। आरोप है कि निवास पर आकर बाबा ने पूजा पाठ की और रुपए देने को कहा। बाबा ने रुपयों को दोगुना करने की बात भी कही। आरोप है कि बाबा के झांसे में आकर रोशन ने उसे दस लाख रुपए दे दिए। जिसके बाद बाबा रुपए लेकर उनको झांसा दे फरार हो गया। इसके साथ ही बाबा कई और लोगों को झांसा देकर रुपए लूट चुका है। बाबा की शिकायत पीड़ितों ने पुलिस से की है।